कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (KU) के शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. अब यूनिवर्सिटी के सभी शैक्षणिक संस्थानों और विभागों में सप्ताह में केवल 5 दिन ही क्लासें लगेंगी. बता दें कि पहले की तरह अब शनिवार को शिक्षकों को ड्यूटी पर नहीं आना होगा. इस फैसले को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सोमवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है.
इसके लिए लंबे समय से बदलाव की मांग हो रही थी. दरअसल, KU के शिक्षक काफी समय से मांग कर रहे थे कि यूनिवर्सिटी के गैर-शिक्षक कर्मचारियों को 5 दिवसीय कार्य सप्ताह की सुविधा मिली हुई है, वैसे ही उन्हें भी दी जाए.
पहले 6 दिन होता था काम
अब तक KU में शिक्षकों को सप्ताह में 6 दिन काम करना पड़ता था, जबकि कर्मचारी वर्ग को पहले से ही वीक के अंत की छुट्टी मिलती थी. ऐसे में शिक्षकों ने बराबरी की बात उठाई थी, जिसे कार्यकारिणी परिषद ने स्वीकार कर लिया. प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब सोमवार से शुक्रवार तक ही क्लासें संचालित होंगी. इस फैसले से शिक्षकों को मानसिक रुप से राहत मिलेगी. साथ ही, सभी रिसर्च, पब्लिकेशन और अन्य कार्यों के लिए एक्सट्रा समय निकाल पाएंगे.
21 जुलाई तक होगा एडमिशन
इसी के साथ यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शैक्षणिक गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए कक्षाओं की संख्या और पढ़ाई का स्तर पहले की तरह बरकरार रखा जाएगा, जिससे स्टूडेंट्स को किसी भी तरह की कोई परेशानी ना हो. इसके अलावा, जो लोग इसमें एडमिशन लेना चाहते हैं, वह 21 जुलाई तक लें सकते हैं, जो कि 1 जुलाई से शुरू हो चुकी है.
