चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने शहीदों को सम्मान देने के उद्देश्य से प्रदेश के 3 कॉलेजों के नाम बदलने का फैसला लिया है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा इस निर्णय को प्रशासनिक मंजूरी दी जा चुकी है. जानकारी के अनुसार बवानी खेड़ा, खरक और सांपला के कॉलेजों के नाम अब स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के नाम पर रखे जाएंगे.
स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर होंगे कॉलेज
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि राजकीय महिला महाविद्यालय बवानी खेड़ा का नाम अब आजाद हिंद फौज के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय ठाकुर श्री शंभू सिंह के नाम पर रखा जाएगा. इस फैसले को प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है. कॉलेज के गेट और दस्तावेजों में स्वतंत्रता सेनानी का नाम सुनहरे अक्षरों में अंकित किया जाएगा.
वहीं, राजकीय महाविद्यालय खरक, भिवानी का नाम अब शहीद गजेंद्र सिंह के नाम पर होगा. बता दें कि गजेंद्र सिंह बीएसएफ में सहायक कमांडेंट के पद पर तैनात थे और 7 मार्च 2018 को ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए थे.
शहीद राय सिंह के नाम पर होगा सांपला कॉलेज
राजकीय महाविद्यालय सांपला, रोहतक का नाम अब शहीद राय सिंह के नाम पर रखा जाएगा. शहीद राय सिंह बीएसएफ में हवलदार के पद पर कार्यरत थे और 20 नवंबर 2016 को पाकिस्तानी सैनिकों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हो गए थे. शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षण संस्थानों के नाम शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर रखकर हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं. इससे आने वाली पीढ़ियां भी शहीदों के बलिदान और नामों को याद रखेंगी.
