फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद में अब शहरी और ग्रामीण इलाकों के बीच सफर करना पहले से आरामदायक हो गया है. फरीदाबाद सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (FCTSL) ने शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक और ठोस कदम उठाया है. नए रूट नंबर 933 पर 10 लो- फ्लोर सीएनजी सिटी बसों की शुरुआत की गई है, जो बल्लभगढ़ बस स्टैंड से मंझावली गांव और वहां से आगे बदरपुर बॉर्डर तक यात्रियों को सफर कराएंगी.
दो रुट तय
इस योजना के तहत दो प्रमुख रूट सक्रिय किए गए हैं. रूट 909 जो बल्लभगढ़ से मंझावली को जोड़ता है और रूट 913 जो बदरपुर बॉर्डर से मंझावली तक यात्रियों को लाता है. दोनों रूट मिलकर ग्रामीण और शहरी इलाकों के बीच की दूरी कम करेंगे और आवाजाही को पहले से ज्यादा सहज बनाएंगे. बल्लभगढ़ से मंझावली तक करीब 16 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए अब यात्रियों को ऑटो या निजी वाहनों की आवश्यकता नहीं होगी.
28 किलोमीटर की यात्रा
मंझावली से बदरपुर तक की दूरी लगभग 28 किलोमीटर है. इस लंबे रूट में बसें गांव जसाना, नचौली, टिकावली, अमृता अस्पताल, सेक्टर 28, 29, खेड़ी पुल, सेक्टर 3 और 37 से होते हुए सीधे बदरपुर पहुंचेंगी. इस रूट पर दर्जनों कॉलोनी और गांव आते हैं, जिन्हें पहली बार एक सीधी बस सेवा से जोड़ा गया है.
यात्रियों को मिली राहत
FCTSL के अधिकारी अरुण सिंह के मुताबिक, इन मार्गों पर अब तक लोगों को निजी ऑटो या शेयर्ड रिक्शा का सहारा लेना पड़ता था, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती थी, बल्कि किराया भी ज्यादा देना पड़ता था. अब सीधी बस सेवा उपलब्ध होने से यात्रियों का सफर आरामदायक और किफायती हो गया है.
जानें किराया
इन नई बसों का किराया यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तय किया गया है. बल्लभगढ़ से मंझावली या मंझावली से बदरपुर की यात्रा के लिए किराया 20 से 30 रुपये के बीच रखा गया है. मंझावली- बदरपुर रूट पर सीधा किराया 30 रुपये है. फिलहाल, फरीदाबाद में कुल 12 रूटों पर 50 सिटी बसें चल रही हैं.
