जींद | हरियाणा में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 26 और 27 जुलाई को बड़े पैमाने पर कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) की परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित की गईं. प्रदेश के 13.48 लाख युवाओं ने इस परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कितने परीक्षार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया, लेकिन संभावना है कि यह आंकड़ा 90 प्रतिशत से अधिक हो सकता है.
परीक्षा के दिन दिया बेटे को जन्म
यह परीक्षा प्रदेशभर में चर्चा का विषय बनी रही. इसी दौरान एक घटना ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा. यह घटना एक महिला अभ्यर्थी से जुड़ी है, जिसने परीक्षा के दिन ही बेटे को जन्म दिया.
जानकारी के अनुसार, जींद के सिला खेड़ी गांव के रहने वाले मूक-बधिर दंपती मोनिका और अजय CET परीक्षा में शामिल होने के लिए 27 जुलाई को जींद के एक परीक्षा केंद्र पर पहुंचे. दोनों की शादी को अभी 18 महीने हुए हैं. परीक्षा के दौरान मोनिका को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. मूक- बधिर होने के कारण अजय को इसकी जानकारी समय पर नहीं मिल पाई.
पति ने मिठाइयां बांटकर जताई खुशी
स्थिति को देखते हुए मोनिका को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया. इस खुशी के मौके पर परिजन मिठाई का डिब्बा लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचे और अजय को पिता बनने की जानकारी दी. अजय ने खुशी में झूमते हुए परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों को मिठाइयां बांटी. वहां मौजूद सभी लोग भी इस सुखद पल को देखकर काफी खुश नजर आए.
