गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में एक ओर जहां घरेलू सहायकों की कमी महसूस की जा रही है, वहीं दूसरी ओर कूड़ा उठाने को लेकर भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. हाई प्रोफाइल सोसाइटियों के आसपास जगह- जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और हर तरफ गंदगी नजर आ रही है. मैक्स टावर हो या कैमेलिया, हर जगह कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं.
लोगों ने सोशल मीडिया पर इनकी तस्वीरें पोस्ट करना शुरू कर दिया है, जिसके बाद नगर निगम एक्शन मोड में आया है. इस समस्या से निपटने के लिए अभियान शुरू किया गया है.
3 दिन का गहन स्वच्छता अभियान शुरू
हरियाणा अर्बन लोकल बॉडीज विभाग ने रविवार को गुरुग्राम में कचरा संकट को दूर करने के लिए गहन स्वच्छता अभियान की शुरुआत की. इस अभियान के तहत वेस्ट मैनेजमेंट में सुधार के लिए तीन दिन की समय सीमा तय की गई है. इसके तहत, कचरा एकत्र करना, मुख्य सड़कों से ट्रॉलियों को हटाना और बाहरी इलाकों में कूड़ा डालने जैसी समस्याओं का समाधान किया जाएगा. यूएलबी आयुक्त एवं सचिव विकास गुप्ता की अध्यक्षता में हाल ही में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी, जिसके बाद इस अभियान की घोषणा की गई.
🚮 #IntensiveSanitationDrive की सघन निगरानी।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया व अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव ने गुरुद्वारा रोड, बस स्टैंड, CRPF चौक, अतुल कटारिया चौक व सिकंदरपुर सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।#SwachhBharat #Gurugram #CleanCity 🌿🧹 pic.twitter.com/WnG4BDccki— MCG (@MunCorpGurugram) July 28, 2025
किराए पर लिए जाएंगे 400 नए वाहन
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि तुरंत अतिरिक्त घर- घर कचरा उठाने वाली गाड़ियां तैनात की जाएं. साथ ही, यह भी कहा गया है कि सभी वाहनों में जीपीएस की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनकी रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सके. वर्तमान में नगर निगम के पास 100 वाहन हैं और अब 400 अतिरिक्त वाहन किराए पर लेने की प्रक्रिया जारी है. इस दौरान वार्डों में स्वच्छता सुधार लागू करने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर विशेष जोर दिया गया है.
