फरीदाबाद | हरियाणा की औद्योगिक नगरी फरीदाबाद से राशनकार्ड धारकों के लिए एक बेहद ही जरूरी खबर सामने आई है. यहां खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने फ्री राशन सेवा का लाभ उठाने के लिए परिवार के सभी सदस्य के लिए ई- केवाईसी हर हाल में अनिवार्य कर दिया है. इस संबंध में मुख्यालय से आदेश जारी कर दिया गया है, जिसके बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी अलर्ट मोड पर आ गए हैं.
डिपो धारकों के लिए आदेश जारी
मुख्यालय से जारी अधिसूचना की प्रति में सभी निरीक्षकों को डिपो धारकों को इस आदेश के बारे में जागरूक करने के लिए कहा गया है, ताकि ई- केवाईसी के काम को जल्द- से- जल्द पूरा किया जा सकें. इस प्रकिया के बाद कोई भी सदस्य डिपो से राशन ले सकेगा. अभी तक परिवार के मुखिया की ही बायोमीट्रिक हाजिरी लगती थी.
परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी करने से पता चल जाएगा कि वर्तमान में परिवार में कितने सदस्य हैं. साथ ही, यह भी पता चल जाएगा कि यह परिवार कहीं और राज्य में तो राशन नहीं ले रहा है.
सरकार को पता चला है कि लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फर्जीवाड़ा कर बीपीएल कार्ड बनवा लिए हैं. काफी लोग ऐसे हैं, जिन्होंने दूसरे राज्यों में भी बीपीएल कार्ड बनवाया हुआ है. वह वहां से भी राशन प्राप्त कर रहे हैं. ऐसे लोगों की पहचान के लिए अब सरकार ने कार्ड धारक के परिवार को ई- केवाईसी करानी जरूरी कर दिया है.
ऐसे कराएं ई- केवाईसी
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों को ई-केवाईसी मोबाइल ऐप मेरा ई- केवाईसी पर फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा प्रमाणीकरण) करके रजिस्टर किया जा सकता है. ओटीपी के माध्यम से यह प्रमाणीकरण संभव हो सकेगा. लाभार्थी परिवार के सभी सदस्य चेहरे के जरिये रजिस्ट्रेशन के बाद राशन की सुविधा ले सकते हैं.
