चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार अब प्रदेश के सभी गांवों में रोडवेज बसों की सुविधा शुरू करने जा रही है. परिवहन मंत्री अनिल विज ने इस बारे में स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि हर ग्रामीण को परिवहन सुविधा मिल सके, इसके लिए हरियाणा राज्य परिवहन के महानिदेशक द्वारा सभी महाप्रबंधकों को लिखित आदेश जारी किए गए हैं.

7243 गांवों में मिलेगी सुविधा
मंत्री अनिल विज ने जानकारी दी कि जिन गांवों तक अब तक बस सेवा नहीं पहुंच पाई है, वहां भी जल्द ही हरियाणा रोडवेज की सुविधा शुरू की जाएगी. प्रदेश में कुल 7243 गांव हैं, और सभी को इस योजना में शामिल किया गया है. इसके तहत राज्य परिवहन के महानिदेशक को निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी गांव बस सेवा से वंचित न रहे, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कत ना हो.
परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने आज प्रदेशवासियों को प्रत्येक गांव में बस सुविधा मुहैया करवाने की सौगात दी है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गांव में ग्रामीणों को बस सुविधा मुहैया करवाने के लिए हरियाणा राज्य परिवहन के महानिदेशक द्वारा सभी महाप्रबंधकों को लिखित आदेश जारी कर दिए गए हैं।
— DPR Haryana (@DiprHaryana) July 30, 2025
बसों की संख्या बढ़ाकर 5300 करने की योजना
वर्तमान में हरियाणा रोडवेज के पास लगभग 4000 बसें हैं. अब सरकार इस संख्या को बढ़ाकर 5300 करने की तैयारी कर रही है.
तत्कालीन गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय ने भी 15वीं विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन अपने अभिभाषण में इस योजना का ज़िक्र किया था. इससे ग्रामीण क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है.