चंडीगढ़ | करीब 5 साल बाद चंडीगढ़ में PGI से सारंगपुर के बीच एलिवेटेड रोड बनाने की योजना को हरी झंडी मिल गई है. चंडीगढ़ हेरिटेज कंजर्वेशन कमेटी (CHCC) ने इस रोड प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है. इसके बन जाने से पीजीआई से सारंगपुर के बीच ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी. ट्रैफिक का दबाव कम करने के उद्देश्य से इस प्रोजेक्ट पर अप्रैल महीने से दोबारा काम शुरू किया गया था.
इसके लिए ताजा सर्वे कराया गया था, जिसके आधार पर पूरा प्लान कमेटी को भेजा गया. अब मंजूरी मिलने के बाद यह प्रोजेक्ट इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट को सौंप दिया गया है.
70 करोड़ रुपये होगी अनुमानित लागत
इस प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी देते हुए चीफ इंजीनियर सी.बी. ओझा ने बताया कि इसके निर्माण पर करीब 70 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है. इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट अब इस प्रोजेक्ट की ड्राइंग तैयार करेगा और फिर इसे मंजूरी के लिए चंडीगढ़ अर्बन प्लानिंग डिपार्टमेंट को भेजेगा. अगर वहां से मंजूरी मिल जाती है, तो जरूरत के अनुसार कंसल्टेंट की मदद ली जाएगी अन्यथा सीधे टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
खड्डा लहौरा पुल से होगी रोड की शुरुआत
शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी कमेटी की बैठक में इस प्रोजेक्ट पर चर्चा हुई थी. बैठक के दौरान डीसी निशांत कुमार यादव ने पुराने प्रोजेक्ट को दोबारा शुरू करने का सुझाव दिया, जिसके बाद इसकी प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई.
इस एलिवेटेड रोड की शुरुआत पीजीआई से आगे खड्डा लहौरा पुल से होगी और इसका संपर्क सारंगपुर में बोटैनिकल गार्डन के पास मौजूद सड़क से किया जाएगा. रोड निर्माण के दौरान किसी तरह की समस्या न हो, इसके लिए पहले से आवश्यक तैयारियां की जा चुकी हैं.
