गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है. यहां सेक्टर- 99A में 220 KVA क्षमता का पावर हाउस बनाया जा रहा है. अनुमान है कि यह इसी साल दिसंबर तक तैयार हो जाएगा. इसके बाद, 5 सेक्टरों की सोसाइटियों के निवासियों को बिजली संकट से छुटकारा मिलेगा. फिलहाल, इन सोसाइटियों को सेक्टर- 107 के बिजली घर से बिजली की आपूर्ति की जा रही है.

5 सेक्टरों को होगा सीधा फायदा
पावर हाउस बन जाने के बाद सेक्टर- 99, 99A, 102, 103 और 104 में बनी और निर्माणाधीन सोसाइटियों को फायदा होगा. हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम द्वारा सेक्टर- 99A में इस बिजली घर का निर्माण किया जा रहा है. इस पर करीब 52 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है. पहले यह कोशिश की जा रही थी कि पावर हाउस 31 जुलाई तक बनकर तैयार हो जाए, लेकिन नवंबर में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा राष्ट्रीय हरित अधिकरण के आदेशों के उल्लंघन के चलते इसे सील कर दिया गया था.
31 दिसंबर की गई डेडलाइन
निर्माण पर प्रतिबंध के बावजूद काम जारी रहने का आरोप लगाते हुए निर्माण एजेंसी पर 16 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया था. इसी कारण पावर हाउस के निर्माण कार्य में देरी हुई. अब इसकी नई समय सीमा 31 दिसंबर तय की गई है. मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिन करीब 3 बजे द्वारका एक्सप्रेसवे और ऊपरी द्वारका एक्सप्रेसवे पर स्थित 18 सोसाइटियों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा. यहां बिजली कटौती सेक्टर- 107 के बिजली घर में फॉल्ट के कारण हुई थी. करीब 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही.