चंडीगढ़ | हरियाणा के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) लिमिटेड द्वारा योग शिक्षकों की भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है. प्रदेश में कुल 150 योग शिक्षकों की भर्ती की जाएगी. इसके लिए काउंसिल ऑफ एजुकेशन एंड स्किल डेवलपमेंट, हिसार द्वारा आवेदन मांगे गए हैं. इच्छुक उम्मीदवार 8 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
मिलेगा 12 हजार रुपये मासिक वेतन
इन पदों पर भर्ती के लिए हरियाणा कौशल रोजगार निगम द्वारा पोर्टल खोल दिया गया है. आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. चयनित अभ्यर्थियों को ₹12000 मासिक वेतन दिया जाएगा. योग शिक्षकों को सुबह और शाम 2- 2 घंटे का प्रशिक्षण देने के लिए हरियाणा के विभिन्न शहरों में नियुक्त किया जाएगा. इच्छुक उम्मीदवार हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरा विवरण पढ़ सकते हैं और आवेदन कर सकते हैं.
ऐसे करें आवेदन
- आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम की आधिकारिक वेबसाइट hkrnl.itiharyana.gov.in पर विजिट करना होगा.
- यहां योग शिक्षक भर्ती के विकल्प पर क्लिक करें.
- इसके बाद, अपने शैक्षणिक दस्तावेजों की सहायता से आवेदन फॉर्म में सभी जरूरी डिटेल्स भरें.
- निर्धारित फीस का भुगतान करें और दस्तावेज अपलोड करें.
- सभी भरे गए विवरण को ध्यानपूर्वक देख लें और अंत में ‘फाइनल सबमिट’ बटन पर क्लिक करें.
- आपका आवेदन फॉर्म स्वीकार कर लिया जाएगा.
