पलवल | NCR में शामिल हरियाणा के पलवल से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां विदेश मंत्रालय के अधीन क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय दिल्ली की ओर से पासपोर्ट मोबाइल वैन सेवा की शुरुआत हो गई है. मंगलवार को खेल मंत्री गौरव गौतम ने इस सेवा को रिबन काट कर हरी झंडी दिखाई.
चक्कर लगाने से मिलेगा छुटकारा
खेल मंत्री गौरव गौतम ने पासपोर्ट मोबाइल वैन सेवा के उद्घाटन अवसर पर कहा कि अब पासपोर्ट बनवाने के लिए पलवल के लोगों को दिल्ली के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह पासपोर्ट मोबाइल वैन जिला सचिवालय परिसर में तीन दिन मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को उपलब्ध रहेगी.
घर बैठे मिलेगी डिलीवरी
उप पासपोर्ट अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि लघु सचिवालय में पासपोर्ट बनाने की पूरी प्रक्रिया सम्पन्न की जाएगी. पुलिस वेरिफिकेशन के बाद पासपोर्ट सीधे आवेदक के घर भेज दिया जाएगा. इस सेवा का लाभ उठाने वाले आवेदकों ने प्रदेश सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब पासपोर्ट बनवाने के लिए दिल्ली की भागदौड़ करने से छुटकारा मिलेगा और घर बैठे ही यह सुविधा मिल जाएगी.
उन्होंने बताया कि पलवल सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को भी इस सेवा का लाभ मिलेगा. उन्हें लघु सचिवालय में ही आनलाइन आवेदन की सुविधा मिलेगी. पासपोर्ट बनवाने के लिए अब दिल्ली जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. इससे पैसा और समय दोनों की बचत होगी.
