चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने रक्षाबंधन पर्व के शुभ अवसर पर महिलाओं को बड़ी सौगात दी है. परिवहन मंत्री अनिल विज ने घोषणा करते हुए कहा है कि प्रदेश की महिलाएं रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज बसों में मुफ्त सफर का लाभ उठा सकेगी. इस दिन महिलाओं को टिकट के लिए कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा.
मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति
परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर महिलाएं अपने 15 साल तक की उम्र के बच्चों के साथ हरियाणा रोडवेज की सामान्य और स्टैंडर्ड बसों में मुफ्त सफर तय कर सकेगी. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उनके इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है. प्रदेश सरकार ने हर साल की भांति इस साल भी महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में बिना टिकट यात्रा की योजना को बरकरार रखा है.
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने रक्षाबंधन के दिन सभी आयु वर्ग की महिलाओं और 15 वर्ष तक के बच्चों को राज्य सहित चंडीगढ़ व दिल्ली तक चलने वाली हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है, ताकि महिलाएं व बच्चे रक्षाबंधन के पर्व पर आसानी से आवाजाही कर सकें.
यह रहेगा शेड्यूल
मंत्री विज ने बताया कि हरियाणा परिवहन विभाग की बसों में महिलाओं और बच्चों के लिए 8 अगस्त को दोपहर 12 बजे से 9 अगस्त की रात 12 बजे तक मुफ्त सफर की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इस संबंध में रोडवेज अधिकारियों को व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं. रक्षाबंधन पर्व पर भीड़- भाड़ वाले रूट्स पर अतिरिक्त बसें संचालित करने के आदेश दिए गए हैं.
