हरियाणा में आमजन के लिए राहत भरी खबर, सरकारी अस्पतालों में मुफ्त होंगे 10 नए ऑपरेशन

चंडीगढ़ | हरियाणा में आमजन के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. वीरवार को चंडीगढ़ में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेश सरकार ने प्राइवेट अस्पतालों में महंगे पड़ने वाले 10 सामान्य ऑपरेशन भी अब आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त कराए जाने का फैसला लिया है. सीएम नायब सैनी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आयुष्मान भारत योजना में 10 नए सर्जरी पैकेज शामिल करने के निर्देश दिए हैं.

CGHS Health Doctor Hospita

इन सर्जरी की मुफ्त सुविधा

प्रदेश सरकार ने जिन 10 सामान्य ऑपरेशन को आयुष्मान योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में निशुल्क कराने का फैसला लिया है. उनमें घुटना प्रत्यारोपण, कूल्हा प्रत्यारोपण, हर्निया ऑपरेशन, टॉन्सिल हटाना, एडेनोइड सर्जरी, हाइड्रोसील, खतना, एपेंडिक्स ऑपरेशन, फिस्टुला सर्जरी और पाइल्स (बवासीर) सर्जरी की सुविधा शामिल हैं. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जल्द ही इन पैकेजों को अंतिम रूप दिया जाएगा. जल्द ही, इन्हें आयुष्मान भारत योजना में जोड़ा जाएगा.

आधुनिक सुविधाओं से लैस

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जाएगा. इन आपरेशनों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए अस्पतालों का आधुनिकीकरण और सुविधाओं के उन्नयन हेतु व्यापक योजना बनाई जाएगी. पहले चरण में 8 जिलों नूंह, गुरुग्राम, रेवाड़ी, सिरसा, कैथल, जींद, कुरूक्षेत्र और पंचकूला में मरम्मत और नवीनीकरण कार्य शुरू हो चुके हैं. बाकी जिलों में भी जल्द ही ये काम शुरू होंगे. अस्पतालों को बिजली, सफाई, एयर कंडीशनिंग, फायर सेफ्टी, हरियाली, साइनबोर्ड सहित तमाम बुनियादी सुविधाओं से लैस किया जा रहा है.

यह भी पढ़े -  HSSC ने जारी किए हरियाणा पुलिस पीएमटी के एडमिट कार्ड, इस प्रकार करें डाउनलोड

जल्द होगी डाक्टरों की नियुक्ति

बढ़ती स्वास्थ्य जरूरतों को देखते हुए सीएम नायब सैनी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि 450 खाली पदों पर डाक्टरों की भर्ती जल्द शुरू की जाए. इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जन- औषधि केंद्र 24×7 चालू रहें, ताकि मरीजों को रात के समय में भी जरूरी दवाएं मिल सके.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.