फरीदाबाद | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर वीरवार 14 अगस्त को फरीदाबाद पहुंचे थे, जहां उन्होंने सेक्टर- 12 स्थित HSVP ग्राउंड में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. मुख्यमंत्री ने इस दौरान बल्लभगढ़ से सोहना जाने वाले रेलवे ओवरब्रिज को फोरलेन बनाने की योजना की आधारशिला रखी.
71 करोड़ रुपए होंगे खर्च
बल्लभगढ़ में सोहना रेलवे फ्लाईओवर ब्रिज (ROB) को फोरलेन बनाने की घोषणा साल 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की थी. इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अगले 15 दिनों में शुरू होने की संभावना जताई जा रही है. इसके निर्माण पर 71 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
इन इलाकों को पहुंचेगी राहत
सोहना रेलवे फ्लाईओवर के फोरलेन निर्माण से सेक्टर- 24, 25 और 26 के औद्योगिक क्षेत्र को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी. वर्तमान में इन उद्योगों को माल लाने ले जाने में टू- लेन सोहना रेलवे फ्लाईओवर पर ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. कई बार मालवाहक वाहनों को बाटा रेलवे पुल या फिर नेशनल हाईवे के बल्लभगढ़ रेलवे पुल से आवागमन करना पड़ता है. ऐसे में सोहना रेलवे फ्लाईओवर के फोरलेन बनने से वाहनों को इन तमाम परेशानियों से छुटकारा मिलेगा.
सोहना रेलवे फ्लाईओवर के फोरलेन बनने से उन लोगों को भी राहत पहुंचेगी जो सोहना और गुरुग्राम के लिए आवाजाही करते हैं. रिहायशी सेक्टर- 55, गौंछी और सेक्टर- 22 व 23 के लोगों के लिए भी बल्लभगढ़ आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी.
बल्लभगढ़ से बीजेपी विधायक मूलचंद शर्मा ने बताया कि लगभग 2 साल के भीतर सोहना रेलवे फ्लाईओवर को टू-लेन से फोरलेन बनाने का काम पूरा कर लिया जाएगा.
