चंडीगढ़ | हरियाणा में बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने अपने उपभोक्ताओं को खास तोहफा देते हुए एक नई तकनीक की पहल की है. इस तकनीक की खासियत यह होगी कि चलती लाइन पर आने वाली तकनीकी समस्या को बिना बिजली बंद किए ठीक कर सकेंगे. यानि अब कहीं बिजली की लाइन पर कोई फाल्ट है, तो लाइन बंद करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी क्योंकि इस तकनीक की मदद से इस फाल्ट को बिना लाइन बंद किए दूर किया जा सकेगा.
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मशीन
DHBVN द्वारा 5 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक लाइव लाइन मेंटनेंस मशीनें खरीदी गई है. विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हिसार और गुरुग्राम सर्कल में इस मशीन की सुविधा प्रदान की गई है. इसके अलावा, दिल्ली जोन में भी एक- एक मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. इस मशीन के इस्तेमाल से बिजली लाइन पर काम करते समय उपभोक्ताओं को होने वाली ट्रिपिंग और कटौती की समस्या से निजात मिलेगी.
कर्मचारियों की बढ़ी सुरक्षा
कार्यकारी अभियंता सब- अर्बन डिवीजन विकास यादव ने बताया कि कर्मचारी विशेष सुरक्षा उपकरणों और विशेष तकनीक के साथ चलती लाइन पर काम कर सकेंगे. इससे कर्मचारियों के समय की बचत होगी और मरम्मत के दौरान होने वाले हादसों में भी कमी आएगी. उपभोक्ताओं और इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली कटौती की समस्या से छुटकारा मिलेगा.
