यात्रियों को हरियाणा रोडवेज की नई सौगात, रियल टाइम बस ट्रैकिंग के साथ कर पाएंगे ऑनलाइन टिकट बुकिंग

चंडीगढ़ | हरियाणा रोडवेज विभाग अपनी कार्यप्रणाली को बेहतर करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है. यात्रियों को नई सुविधा देने के उद्देश्य से विभाग डिजिटाइजेशन की तरफ बढ़ रहा है. इसी कड़ी में अब रोडवेज की बसों की ट्रैकिंग के लिए ऐप लॉन्च की गई है. ऐसा दावा किया जा रहा है कि इस ऐप की सहायता से यात्रियों को बस की लाइव लोकेशन ट्रैकिंग में काफी सुविधा होगी. अब उन्हें बस स्टैंड पर खड़े होकर अपनी बसों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

Haryana Roadways Bus 3

मिलेगी यह सुविधा

यात्रियों को वहीं बस स्टैंड से ही पता लग जाएगा कि कितनी देर बाद उनकी बस पहुंचने वाली है. साथ ही, उन्हें यह भी पता लग जाएगा कि जो बस आने वाली है उसमें सीटों की स्थिति क्या है. हालांकि, अभी इसमें और भी सुधार और बदलाव होने वाले हैं. इसके बाद, यात्रियों को मिलने वाली सुविधा में और ज्यादा इजाफा हो जाएगा.

लंबी दूरी के लिए संचालित होने वाली वोल्वो और हीटिंग वेंटिलेशन व एयर कंडीशनिंग बसों के लिए यात्री इस ऐप की सहायता से ऑनलाइन टिकट भी बुक करवा पाएंगे. जो यात्री हैप्पी कार्ड के लिए पात्र हैं, वह इस ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे.

यह भी पढ़े -  HSSC ने CET अभ्यर्थियों को दी बड़ी राहत, दोबारा शुरू हुई बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया

गूगल प्ले स्टोर से कर पाएंगे डाउनलोड

अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार एचआर (हरियाणा रोडवेज) एप से वर्तमान में सिरसा, नारनौल, मनाली, हिसार, गुरुग्राम, दिल्ली आईएसबीटी कश्मीरी गेट, दिल्ली डोम एंड आईजीआई एयरपोर्ट, चंडीगढ़ आईएसबीटी- 17, चंडीगढ़ आईएसबीटी- 43 और अमृतसर के लिए संचालित होने वाली एचवी- एसी बसों में ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा मिलेगी.

आने वाले समय में बाकी जगहों के लिए भी ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी जाएगी. इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर से फ्री में डाउनलोड किया जा सकता है. भविष्य में विभाग गांव के रूट पर संचालित होने वाले बसों की भी लोकेशन ट्रैक करने की योजना बना रहा है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts