चंडीगढ़ | हरियाणा के सभी राशन डिपो को अब CCTV कैमरों से लैस किया जाएगा. ऐसा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है. खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की इस पहल के तहत सभी राशन डिपो पर ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल किए जाएंगे. इस कदम से परिवारों को राशन देने में किसी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सकेगा. यहां होने वाली हर गतिविधि पर अब विभाग की नजर रहेगी.
वितरण की होगी निगरानी
विभाग को डिपो पर मौजूद स्टॉक और राशन वितरण की पूरी डिटेल ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगी. साथ ही यदि कोई डिपो होल्डर उपभोक्ता के साथ किसी प्रकार की गड़बड़ी करता है तो वह कैमरे में कैद हो जाएगा. विभाग के इस कदम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सही मात्रा में राशन उपलब्ध कराना और शिकायतों को कम करना है.
इस विषय में जानकारी देते हुए जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि विभाग के मंत्री राजेश नागर के दिशा- निर्देशों के अनुसार इस योजना को अमल में लाया जाएगा.
शिकायतों में आएगी कमी
सीसीटीवी कैमरा की डिटेल विभाग के सर्वर में स्टोर होगी. अक्सर देखने को मिलता है कि उपभोक्ता डिपो होल्डर के खिलाफ शिकायत देते हैं जिनमें CCTV लगने के बाद काफी कमी होगी. इस विभाग को डिपो पर स्टॉक की सही स्थिति मिल पाएगी. इससे राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और यह भी सुनिश्चित हो पाएगा कि पात्र परिवारों को राशन वितरण में किसी प्रकार की कमी या परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
