अंबाला | हरियाणा में भी पहाड़ों पर लगातार हो रही बरसात का असर देखने को मिल रहा है. इसी क्रम में हरियाणा के कई इलाके ऐसे हैं, जहां पानी की समस्या के चलते लोगों का जनजीवन अस्त- व्यस्त हो चुका है. अंबाला की टांगरी नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान 8 फीट के आस पास पहुंच चुका है. सिंचाई विभाग का कहना है कि इसमें और ज्यादा इजाफा हो सकता है.
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन द्वारा हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. एहतियात के तौर पर आसपास के डीएवी रिवर साइड सहित कई स्कूलों में प्रशासन ने छुट्टियां घोषित कर दी हैं. प्रदेश के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज द्वारा टांगरी नदी के आसपास के इलाकों का मुआयना किया गया है. इस दौरान उन्होंने पुलिस को नदी के आसपास बनी कॉलोनी के लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं.
पुलिस की टीमें तैनात
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल एनडीआरएफ की टीम को अलर्ट मोड पर तैनात कर दिया गया है. लगातार जल स्तर पर निगरानी रखने के लिए टांगरी बांध पर सिंचाई विभाग और पुलिस की टीम तैनात कर दी गई है. पानी का लेवल बढ़ने के चलते बैराज के 18 गेट फिर से खोल दिए गए हैं और दिल्ली की तरफ पानी का रुख मोड़ दिया गया है, जिससे राजधानी दिल्ली में बाढ़ का खतरा बढ़ चुका है.
