कुरुक्षेत्र में बनेगी पहली सहकारी सूरजमुखी तेल मिल, जमीन खरीद को मिली मंजूरी

कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के वासियों के लिए अच्छी खबर आ रही है. यहां शाहाबाद में सहकारी क्षेत्र की पहली सूरजमुखी तेल मिल की शुरुआत की जाएगी. इसके लिए जमीन खरीदने के बजट को मंजूरी भी प्रदान की जा चुकी है. इस विषय में जानकारी देते हुए सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत और पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि शाहाबाद से 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव अजराना कलां में 8.97 एकड़ जमीन खरीदने के लिए 8 करोड़ रुपए की राशि को मंजूरी प्रदान की गई है.

surajmukhi flower

तेल मिल स्थापना की प्रक्रिया तेज

उन्होंने कहा कि मिल स्थापना को लेकर बाकी प्रोसेस में तेजी लाई जा रही है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा सूरजमुखी उत्पादकों को प्रोत्साहित करने और फसल खरीद सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 21 नवंबर 2024 को शाहाबाद में सूरजमुखी तेल मिल स्थापना का ऐलान किया गया था. उन्होंने कहा कि राज्य की पहली सहकारी क्षेत्र की सूरजमुखी तेल मिल की जमीन खरीद की प्रक्रिया को जल्दी पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं. इसे पब्लिक प्राइवेट भागीदारी तर्ज पर स्थापित किया जाएगा.

इससे न केवल कुरुक्षेत्र, बल्कि आसपास के जिलों में भी सूरजमुखी उत्पादकों को काफी फायदा मिलेगा. उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर दक्षिण हरियाणा में भी विभाग द्वारा सहकारी क्षेत्र की सरसों तेल मिल की स्थापना की जाएगी.

जमीन चयन को लेकर बनी समिति

इस तेल मिल के लिए उपयुक्त जमीन ढूंढने के लिए जिला प्रबंधक हैफेड कुरुक्षेत्र, कार्यकारी अभियंता मुख्यालय हैफेड व जिला प्रशासन के प्रतिनिधि की समिति का गठन किया गया था. कमेटी द्वारा गांव डीग में जमीन की तलाश की गई थी, लेकिन ग्रामीणों से इस विषय में सहमति नहीं बन पाई. इसके चलते बिहोली गांव में जमीन की पहचान की गई, लेकिन यहां भी सहमति नहीं बन पाई. अब कमेटी द्वारा अजराना कलां में जमीन चिन्हित की गई है, जिसको खरीदने को लेकर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मंजूरी प्रदान कर दी है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts