DHBVN ने आईएमटी मानेसर में तैयार किया ख़ास प्लान, खराब मौसम में भी अब नहीं कटेगी बिजली

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर इंडस्ट्रियल एरिया को बिजली की समस्या से निजात दिलाने के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) द्वारा एक खास प्लान तैयार किया गया है. इसके तहत, अब यदि आंधी, तूफान या मौसम खराब हुआ तब भी यहां लोगों को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा. DHBVN द्वारा यहां 11 केवीए क्षमता के 78 फीडर को अंडरग्राउंड करने का फैसला लिया है. इस पर करीब 143 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान बताया जा रहा है. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है जो अपने आखिरी चरण में है.

Power Bijli Electricity

लोगों को मिल सकेगी राहत

मिली जानकारी के अनुसार, इस इंडस्ट्रियल एरिया में लगभग 1500 छोटी और बड़ी फैक्ट्री और कारखाने हैं, जिनमें लाखों कर्मचारी काम करते हैं. कुछ फैक्ट्री ऐसी भी हैं, जहां दिन- रात काम चलता रहता है. मौसम खराब होने के कारण कई बार 11 केवीए फीडर में तकनीकी खराबी आ जाती है. ट्रांसफार्मर खराब होने, तार टूटने से यहां बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है. उद्योगपति और आम लोगों को यहां कई घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है. कई बार बिजली व्यवस्था को सुचारू रूप से दोबारा चलाने के लिए 24 से 36 घंटे तक का समय भी लग जाता है.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के राजीव चौक से खत्म होगा जाम, NHAI बनाएगा 2 एलिवेटेड रैंप

2 साल में होगा काम पूरा

इन्हीं सब कारणों को देखते हुए DHBVN के स्मार्ट सिटी शाखा द्वारा अब तारों को अंडरग्राउंड करने का फैसला लिया गया है. इसके लिए 2 महीने पहले टेंडर जारी हुए थे, जिसमें 6 कंपनियों द्वारा आवेदन किया गया था. नेगोशिएशन के बाद एक कंपनी को टेंडर जारी कर दिया गया है. अनुमान है कि अगले महीने इस योजना पर काम शुरू हो जाएगा. 2 साल के अंदर फीडर को अंडरग्राउंड कर दिया जाएगा.

मुख्य अभियंता ने दी जानकारी

इस बारे में जानकारी देते हुए DHBVN के मुख्य अभियंता वीके अग्रवाल ने बताया कि आईएमटी मानेसर इंडस्ट्रियल एरिया और सेक्टर एक रिहायशी क्षेत्र में 11 केवीए बिजली के स्ट्रक्चर को अंडरग्राउंड बनाया जाएगा. वर्तमान में तेज आंधी या हवाएं चलने से बिजली की तारे टूट जाती हैं और खंबे गिर जाते हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है. जब फीडर को अंडरग्राउंड किया जाएगा, तो लोगों को खराब मौसम में भी निर्बाध बिजली आपूर्ति दी जा सकेगी.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts