चंडीगढ़ | हरियाणा में बीते काफी समय से विपक्ष बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार पर हमलावर बना हुआ है. सरकार विपक्ष के इन दावों को झूठा और खोखला बताती आई है. इन सबके बीच प्रदेश सरकार (Haryana Govt) की सक्षम युवा बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत पात्र युवाओं की रजिस्ट्रेशन संख्या सामने आई है, जिससे राज्य के बेरोजगारी के आंकड़ों का अंदाजा लगाया जा सकता है.
रजिस्ट्रेशन संख्या में बढ़ोतरी
सक्षम युवा बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत जुलाई के महीने में काफी ज्यादा युवाओं द्वारा रजिस्ट्रेशन करवाया गया. जून में जहां यह आंकड़ा 5291 था वहीं जुलाई के महीने में यह बढ़कर 1,85,267 तक पहुंच गया. इनमें सबसे ज्यादा लाभ लेने वाले जींद के युवा रहे. यहां 24,975 युवाओं को यह भत्ता राहत प्रदान की गई. जींद के बाद हिसार इस योजना में दूसरे स्थान पर काबिज रहा.
फरीदाबाद और गुरुग्राम
इस लिस्ट में सबसे नीचे नाम फरीदाबाद जिले का रहा. यहां योजना का लाभ उठाने वाले युवाओं की संख्या सबसे कम रही. कम लाभ लेने वालों में गुरुग्राम का भी नाम शामिल रहा. सक्षम युवा बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत, प्रदेश सरकार 12वीं पास युवाओं को ₹1200, स्नातक को ₹2000 और परास्नातक को ₹3500 मासिक भत्ता देती है. राज्य में 65 रोजगार कार्यालय स्थापित हैं, जहां युवा इस योजना का लाभ उठाने के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं.
