फतेहाबाद | हरियाणा में किसानों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. सूबे की नायब सैनी सरकार ने खरीफ सीजन की फसलें बाजरा व मूंगफली 1 अक्टूबर से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने का फैसला लिया है. इस संबंध में सभी जिलों में प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई है. फतेहाबाद उपायुक्त ने लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक में निर्देश दिए कि जिले में 1 अक्टूबर से खरीद प्रक्रिया शुरू होगी. एडीसी ओवर ऑल इंचार्ज होंगे और संबंधित एसडीएम अपने क्षेत्र के नोडल अधिकारी होंगे.

बाजरे की MSP में 150 रुपए की बढ़ोतरी
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद से संबंधित सभी तैयारियां समय से पहले पूरी करें. बाजरा खरीद के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने बताया कि इस वर्ष खरीफ विपणन सीजन 2025- 26 के लिए बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2775 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है.
सरकार की ओर से बाजरे की खरीद के लिए जिले में तीन मंडियां निर्धारित की गई है. इस बार बाजरे की खरीद फतेहाबाद, पीली मंदोरी और भट्टू मंडी को खरीद केंद्र बना गया है. इस साल बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 150 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 2,775 कर दिया गया है, जबकि पिछले साल 2,625 प्रति रुपये क्विंटल था. किसानों को अपनी बाजरे की फसल को बेचने के लिए मेरी फसल- मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण करना जरूरी है, केवल उन्हीं किसानों की फसल MSP पर खरीदी जाएगी जिन्होंने इस पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया होगा.
महेंद्रगढ़ में खरीद केंद्रों की सूची
जिले में बाजरे की खरीद के लिए नारनौल, नांगल चौधरी, अटेली, महेंद्रगढ़, सतनाली और कनीना आदि मंडियां आवंटित की गई हैं. जिला उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मंडियों में नमी मापने वाले मीटर की व्यवस्था होनी चाहिए. फसल लेकर मंडियों में आने वाले किसानों के लिए बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएं. खरीद के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. मंडियों के मुख्य द्वारों पर खरीद के मानदंडों वाले होर्डिंग लगाए जाएं.