चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार पहली बार प्रदेश के गरीब लोगों को फ्लैट बनाकर देगी. पहले चरण में 509 फ्लैट दिए जाएंगे. इनके लिए 8 अक्टूबर को आनलाइन ड्रा होगा. इसके लिए सोनीपत के 5 डेवलपर्स ने फ्लैट ऑफर किए हैं. इन सभी में गरीबों को 17 अक्टूबर को फ्लैट मिल सकते हैं.
सूत्रों का कहना है कि अभी तारीख तय होनी बाकी है. सोनीपत के अलावा प्रदेश के अन्य शहर गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, पलवल, पानीपत, रेवाड़ी, रोहतक में भी सर्वे किया जा रहा है. यहां भी डेवलपर्स ने करीब 6500 फ्लैट ऑफर किए हैं. इनकी प्रक्रिया दूसरे चरण में होगी.
पहले इन्हें मिलेगी तवज्जो
योजना के अनुसार, ड्रॉ में सबसे पहले घुमंतू जाति के लोगों को तवज्जो दी जाएगी. इसके बाद, विधवा महिला और फिर अनुसूचित जाति के लोगों को तवज्जो मिलेगी. यदि फ्लैट शेष रह जाते हैं, तो उन लोगों को मिलेंगे जिनकी आय परिवार पहचान पत्र के अनुसार 1 लाख रुपए तक है. जिनकी आय एक से 1.40 लाख तक है और फिर 1.40 से 1.80 लाख रुपए तक आय वालों को यह फ्लैट दिए जाएंगे.
2023 में हुए थे आवेदन
इन फ्लैट के लिए सरकार की ओर से साल 2023 में आवेदन मांगे गए थे. यह आवेदन मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत हुए थे. इनके लिए 815 लोगों ने बुकिंग कराई थी. जिनमें से 794 योग्य पाए गए क्योंकि हाउसिंग फॉर आल की ओर से इन सबकी वेरिफिकेशन कराई थी.
जिन लोगों ने आवेदन किया था, उन्होंने 10 हजार रुपए देकर आवेदन किया है. फ्लैट का एरिया 200 स्क्वेयर फीट होगा. इसका दाम 750 रुपए स्क्वेयर फीट होगा. फ्लैट के लिए सरकार की ओर से कमेटी का गठन किया गया है. जो ड्रा निकाला जाएगा वह HSVP की साइट से ऑनलाइन होगा.
वेरिफिकेशन प्रकिया जारी
गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, पलवल, पानीपत, रेवाड़ी और रोहतक में फ्लैट के लिए बड़ी संख्या में आवेदन हुए हैं. करीब 22 हजार की वेरीफिकेशन हो चुकी है और 5 हजार की चल रही है, जबकि 42 हजार की बाकी है. करीब 69 हजार ने आवेदन किया है. इन शहरों में 6500 फ्लैट दिए जाने हैं.
