जींद | रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से जींद रूट पर संचालित होने वाली ट्रेनों के संचालन समय में बदलाव किया गया है. उदयपुर सिटी- चंडीगढ़- उदयपुर सिटी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन संचालित होने पर यह बदलाव करने का फैसला लिया गया है.
नया शेड्यूल
ट्रेन नंबर 54038, जो जींद से सुबह 04.10 बजे रवाना होकर 07.20 बजे कुरूक्षेत्र पहुंचती थी, लेकिन अब 6 अक्टूबर यानि आज से सुबह 05.25 बजे जींद से रवाना होकर 08.50 बजे कुरूक्षेत्र जंक्शन पर पहुंचेंगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 54037, जो पहले 07.45 बजे कुरूक्षेत्र जंक्शन से रवाना होकर 11.20 बजे जींद जंक्शन पर पहुंचती थी, लेकिन आज से 09.20 बजे कुरूक्षेत्र से रवाना होकर दोपहर 12.10 बजे जींद पहुंचेगी.
जींद जंक्शन से रवाना होकर यह ट्रेन बरसोला, उचाना, घसो, नरवाना, गुरथली, कलायत, सुजूमा, कुतुबपुर, कैथल, ग्योंग, टीक, पिहोवा, पिंडारसी व थानेसर के रास्ते धर्मनगरी कुरुक्षेत्र का सफर तय करेगी. इस तरह इन ट्रेनों के संचालन समय में एक घंटे का बदलाव किया गया है. अब जींद- कुरुक्षेत्र रूट पर यह ट्रेन पहले की अपेक्षा एक घंटा देरी से रवाना होगी, तो एक घंटा लेट भी पहुंचेगी.
यात्रियों को मिलेगी राहत
इन ट्रेनों के संचालन समय में बदलाव से अल सुबह सफर करने वाले यात्रियों को राहत पहुंचेगी. पहले ट्रेन सुबह 04.10 बजे जींद से कुरूक्षेत्र के लिए रवाना होती थी, तो इसमें सफर करने वाले यात्रियों को अपने परिजनों के साथ खुद के वाहनों जैसे बाइक या गाड़ी में सवार होकर ट्रेन पकड़ने के लिए आना पड़ता था क्योंकि इतनी सुबह ऑटोरिक्शा की सुविधा उपलब्ध नहीं होती थी, लेकिन अब ट्रेन एक घंटे के बाद चलेगी तो यात्रियों को ऑटोरिक्शा मिलने की संभावना बनी रहेगी.
