पानीपत | त्यौहारी सीजन पर यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. दिवाली और छठ पर्व पर होने वाली अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा कई स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही है, ताकि यात्रियों का सफर आरामदायक हो सकें. अब इसी कड़ी में यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रेलवे ने एक और बड़ा कदम उठाया है.
2 मिनट ज्यादा ठहराव करेगी ट्रेनें
रेलवे ने पानीपत रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली 20 से ज्यादा ट्रेनों के ठहराव में 2 मिनट की अतिरिक्त बढ़ोतरी कर दी है ताकि यात्री आराम से ट्रेन में चढ़ और उतर सके. औद्योगिक नगरी होने के चलते पानीपत रेलवे स्टेशन पर त्यौहारी सीजन के दौरान यात्रियों की अच्छी- खासी भीड़ बढ़ जाती है. ऐसे में यात्रियों की सुविधा और भीड़ को कंट्रोल करने के लिए यह फैसला लिया गया है.
अधिकारी ने बताया कि पानीपत रेलवे स्टेशन पर दोनों दिशाओं में लगभग 100 ट्रेनें ठहराव करती है. इनमें दिल्ली, अंबाला, चंडीगढ़, लुधियाना, जयपुर, वाराणसी, पटना और मुंबई जैसे शहरों के लिए लंबी दूरी की ट्रेनें शामिल हैं. त्यौहारी सीजन पर इन ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ ही प्लेटफॉर्म्स पर भी भीड़ बढ़ जाती है. ऐसे में ट्रेन पहुंचने पर जल्दी चढ़ने की कोशिश में किसी तरह की हड़बड़ी न हो, इसी को ध्यान में रखते हुए ठहराव समय से 2 मिनट का इजाफा किया गया है.
बड़ी संख्या में रहते प्रवासी
हरियाणा का पानीपत जिला टेक्सटाइल नगरी के रूप में जाना जाता है. यहां हरियाणा के विभिन्न शहरों के अलावा राजस्थान, UP, दिल्ली, पंजाब और उत्तराखंड सहित कई अन्य राज्यों के लोग औद्योगिक इकाइयों में काम करते हैं. दिवाली और छठ पर्व पर ये लोग अपने घरों की ओर रवाना होते हैं, तो स्टेशन पर भीड़ में अच्छी- खासी बढ़ोतरी हो जाती है. यहीं वजह है कि रेलवे ने समय से पहले ही योजना बनाकर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने की तैयारियां शुरू कर दी है. स्टेशन पर RPF और जीआरपी की अतिरिक्त टीमों को तैनात किया जाएगा, ताकि भीड़ के बीच व्यवस्था बनी रहें.
