पलवल | हरियाणा में सड़क नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में नूंह- पलवल सड़क मार्ग (स्टेट हाइवे नंबर- 13) को फोरलेन बनाया जाएगा. 3 ग्राम पंचायत कोटला, आकेडा व मोहम्मदपुर की तरफ से वन विभाग के लिए भूमि देने का प्रस्ताव दिए जाने के बाद इस योजना के सिरे चढ़ने का रास्ता साफ हो गया है.
पिछले 4 साल से इस सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने की तैयारियां चल रही है लेकिन वन विभाग के लिए जमीन नहीं मिलने के चलते यह योजना अधर में लटकी हुई थी. 30 किलोमीटर लंबी इस सड़क के फोरलेन बनने से न केवल पलवल- नूंह जिला मुख्यालय की दूरी घटेगी, बल्कि दोनों जिलों के बीच आवागमन भी आसान हो जाएगा.
137 करोड़ रुपए की राशि मंजूर
इस सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए जुलाई 2022 में स्वीकृति प्रदान की गई थी और योजना के अनुसार एनसीआर बोर्ड द्वारा स्टेट हाइवे नंबर-13 को फोरलेन बनाने के लिए 137 करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी गई थी. अब 3 गांवों द्वारा दी गई जमीन का वन विभाग अवलोकन करेगा, जिसमें यह देखा जाएगा कि यह जमीन पौधों के लिए कितनी उपयुक्त है. उसके बाद, प्रकिया पूरी करके सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने की तैयारियां तेज कर दी जाएगी.
खस्ताहाल स्थिति में है सड़क मार्ग
30 किलोमीटर लंबे नूंह- पलवल सड़क मार्ग की वर्तमान स्थिति की बात करें, तो इस रोड की चौड़ाई बेहद कम है. साथ ही, जगह- जगह गढ्ढों से वाहन चालकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है. ऐसे में सड़क मार्ग के फोरलेन निर्माण से न केवल लोगों का सफर आसान व सुरक्षित बनेगा, बल्कि दोनों जिलों के बीच दूरी भी कम हो जाएगी.
3 गांवों की तरफ से दिए गए प्रस्ताव के तहत जमीन के अवलोकन की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी. यदि कोई कमी भी रहती है, तो फिर भी इस सड़क मार्ग को दुरुस्त किया जाएगा. इसके लिए प्रक्रिया पूरी की जा रही है. इस सड़क मार्ग की चौड़ाई और मरम्मत से लोगों का सफर आसान होगा- सचिन कुमार, कार्यकारी अभियंता एचएसआरडीसी, फरीदाबाद
