पानीपत | हरियाणा की टेक्सटाइल नगरी पानीपत से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर में लंबे समय से ट्रैफिक जाम से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाने की योजना बनाई गई है. पानीपत शहर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक प्रमोद विज के प्रयासों से सीएम नायब सैनी ने शहर में नए फ्लाईओवर निर्माण योजना को मंजूरी प्रदान कर दी है.
23 करोड़ रुपए होंगे खर्च
पानीपत शहर में बनने वाला यह नया फ्लाईओवर दिल्ली पैरेलल नहर के पास जाटल रोड- रिफाइनरी रोड क्रॉसिंग पर बनाया जाएगा. बीजेपी विधायक प्रमोद विज ने बताया कि इस फ्लाईओवर निर्माण को लेकर राज्य सड़क विकास निगम ने टेंडर जारी कर दिया हैं. 23 करोड़ से बनने वाले इस फ्लाईओवर का जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.
ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा
विधायक विज ने बताया कि जाटल रोड से रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों का आवागमन रहता है, जिसके चलते दिल्ली पैरेलल नहर क्रॉसिंग पर हर समय ट्रैफिक जाम के हालात बने रहते हैं. ऐसे में फ्लाईओवर निर्माण के बाद जाटल रोड पर लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी. न केवल लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि समय की बचत के साथ- साथ पर्यावरण प्रदुषण कम करने में मदद मिलेगी.
इन इलाकों को मिलेगा फायदा
इस फ्लाईओवर के निर्माण से मुखीजा कॉलोनी, आरके पुरम, सैनी कॉलोनी, राजपूत कॉलोनी, सोंधापुर, सुताना, कश्यप कॉलोनी, क्रांति नगर, ओम कॉलोनी, वाल्मीकि नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा. इससे शहर और बाहरी इलाकों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी. विधायक प्रमोद विज ने फ्लाईओवर निर्माण योजना को मंजूरी दिए जाने पर सीएम नायब सैनी और पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा का आभार व्यक्त किया.
