चंडीगढ़ | पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ के सरकारी अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले लोगों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. सर्दी के मौसम को देखते हुए यहां के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी के समय में बदलाव कर दिया गया है. नया शेड्यूल 16 अक्टूबर यानि वीरवार से लागू होगा.
नया ओपीडी समय
नए समयानुसार, चंडीगढ़ के सरकारी अस्पतालों में 16 अक्टूबर से ओपीडी का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा. अभी इन अस्पतालों और डिस्पेंसरी में ओपीडी का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक हैं. यह आदेश गवर्नमेंट मल्टी- स्पेशलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर- 16 के अन्तर्गत आने वाली डिस्पेंसरी, सेक्टर- 22 का सिविल अस्पताल, सिविल अस्पताल मनी माजरा और सिविल अस्पताल सेक्टर- 45 में लागू होगा.
इन डिस्पेंसरी ने नहीं बदला समय
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ESI डिस्पेंसरी सेक्टर- 29 और सेक्टर- 23 तथा UT सचिवालय और पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट डिस्पेंसरी के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है. चंडीगढ़ प्रशासन ने बताया कि सर्दी के मौसम में सुबह और शाम के समय धुंध बढ़ने की संभावना है. ऐसे में दूरदराज से आने वाले मरीजों को ठंड और कोहरे की वजह से परेशानी न हो, इसको देखते हुए सरकारी अस्पतालों की ओपीडी के समय में बदलाव किया गया है.
