चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है. बता दें कि प्रदेश सरकार तहसीलों से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए नए- नए प्रयोग कर रही है. प्रदेश में पेपरलेस रजिस्ट्री शुरू हो चुकी हैं और अब आमजन के कार्यों को सरल व पारदर्शी बनाने के लिए राजस्व विभाग बड़ी योजना पर काम कर रहा है.
जल्द शुरू होगी फेसलेस रजिस्ट्री की सुविधा
सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ, तो अगले 3- 4 महीने के अंदर लोगों को फेसलेस रजिस्ट्री की सुविधा मिल सकेगी. इस योजना को लागू करने के लिए मंथन हो चुका है. अब तकनीकी तौर पर योजना के क्रियान्वयन पर काम जारी है. प्रदेश में पेपरलेस रजिस्ट्री की शुरुआत से आमजन को बड़ी राहत मिली है.
अब सरकार की योजना है कि आम लोगों को बगैर तहसील कार्यालय में जाए ही रजिस्ट्री से संबंधित कार्य कराने की सुविधा मिल सके. योजना है कि राजस्व विभाग के सॉफ्टवेयर को अपडेट किया जाए और इसी सॉफ्टवेयर पर टोकन से लेकर दस्तावेजों को अपलोड करने के बाद रजिस्ट्री से संबंधित कार्य कराने की सुविधा दी जाए.
फर्जीवाड़े पर लगेगा अंकुश
किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े को रोकने के लिए आधार कार्ड नंबर के माध्यम से बायोमीट्रिक के आधार पर ही फोटो अपलोड होगा और वन टाइम पासवर्ड (OTP) की सुविधा होगी. सरकार का मानना है कि इस योजना से रजिस्ट्री कार्य में पारदर्शिता आएगी और फर्जीवाड़े पर अंकुश लगाने में सफलता मिलेगी. लोगों को एक निश्चित समयावधि में सेवा का लाभ मिलेगा और उन्हें रजिस्ट्री कार्य पूरा होने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
