नई दिल्ली | भारतीय रेलवे (Indian Railways) की आधिकारिक वेबसाइट IRCTC पर तत्काल टिकट बुकिंग सिस्टम में फर्जीवाड़े पर अंकुश लगाने और असल यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 1 अक्टूबर से नया नियम लागू किया गया है. इसके लिए यदि आप आनलाइन बुकिंग शुरू होने के पहले 15 मिनट में टिकट बुक कराना चाहते हैं, तो आपका IRCTC अकाउंट आधार कार्ड से वेरिफाई होना चाहिए. ये कदम टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए उठाया गया है.
आइए इस नए नियम के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल करते हैं और ये भी जानते हैं कि IRCTC अकाउंट को आधार कार्ड से लिंक कैसे किया जा सकता है. ये नया नियम छठ पर्व पर आपके घर की यात्रा सुगम बनाने में मददगार साबित होगा.
1 अक्टूबर से टिकट बुकिंग का नया नियम
भारतीय रेलवे ने स्पष्ट किया है कि 1 अक्टूबर से जब भी जनरल रिजर्वेशन की ऑनलाइन बुकिंग खुलेगी तो शुरू के पहले 15 मिनट केवल वही लोग टिकट बुक कर पाएंगे, जिनका IRCTC अकाउंट आधार कार्ड से लिंक होगा. इससे फर्जीवाड़े पर अंकुश लगेगा और आम व असली यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी.
आपको यह भी जानना चाहिए कि इस नियम से क्या नहीं बदला है. यदि आप रेलवे के कम्प्यूटराईज्ड PRS काउंटर पर जाकर टिकट खरीदते हैं तो वहां प्रकिया पहले की तरह ही रहेगी. इसके अलावा, ऑथराइज्ड टिकटिंग एजेंट्स पर लगी 10 मिनट की पाबंदी भी जारी रहेगी, वे भी शुरुआत के पहले 10 मिनट में टिकट बुक नहीं कर पाएंगे.
अकाउंट लिंक करने का तरीका
- सबसे पहले Google Chrome पर IRCTC की वेबसाइट पर जाकर अपने User Name और पासवर्ड से लॉगिन करें. फिर ऊपर दिए गए ‘My Account’ ऑप्शन पर जाएं और ‘Authenticate User’ बटन को चुनें. अगली स्क्रीन पर, अपना 12 अंकों का आधार कार्ड नंबर या वर्चुअल आईडी नंबर दर्ज करें.
- आगे बढ़ने से पहले दर्ज की गई जानकारी अच्छी तरह से जांच ले. सबकुछ सही है तो ‘Verify Details And Receive OTP’ ऑप्शन पर क्लिक करें. आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक वन-टाइम पासवर्ड (OTP) आयेगा.
- उस OTP को दर्ज करें और बॉक्स में दी गई शर्तों को पढ़ें और एक्सेप्ट करें तथा फिर Submit बटन दबाएं.
- जब आप अपने आधार कार्ड को अपने IRCTC अकाउंट से लिंक कर लेंगे तो फिर से लॉगिन करने पर आपको ‘Authenticate user’ ऑप्शन के बगल में एक ग्रीन टिक दिखाई देगा. इस वेरिफिकेशन के बाद आप निश्चित होकर ऑनलाइन रेलवे टिकट बुक कर सकते हैं.
