नारनौल क्षेत्र को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने किया शुभारंभ

महेंद्रगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव आज नारनौल दौरे पर पहुंची थी, जहां उन्होंने क्षेत्र को अनेक विकास कार्यों की सौगात दी. उन्होंने अटेली अनाज मंडी में विशेष मरम्मत और विभिन्न विकास कार्यों का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया. इस दौरान नारनौल विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक ओमप्रकाश यादव भी उनके साथ मौजूद रहे.

Arti Singh Rao

अनाज मंडी की बदलेगी तस्वीर

स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि अटेली अनाज मंडी में होने वाले विकास कार्यों के लिए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड 3.48 करोड़ रुपए खर्च करेगा. इसके विस्तृत अनुमान को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी गई है. इसका उद्देश्य मंडी के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर किसानों के लिए सुविधाओं में इजाफा करना होगा.

उन्होंने बताया कि इन विकास कार्यों के तहत मंडी के भीतर की मुख्य सड़कें और सर्विस रोड की विशेष मरम्मत की जाएगी. इसके अलावा मंडी परिसर में बूथों के आसपास पार्किंग क्षेत्र में इंटरलॉकिंग कंक्रीट ब्लॉक लगाए जाएंगे. इससे वाहनों की आवाजाही और पार्किंग सुगम हो सकेगी.

जलभराव से मिलेगा छुटकारा

मंडी परिसर में जलभराव से निजात दिलाने के लिए एक विशेष बरसाती पानी की लाइन बिछाई जाएगी. एक पंप कक्ष और संग्रह टैंक का निर्माण किया जायेगा, ताकि पानी की निकासी का उचित प्रबंध हो सकें. मंडी की चारदीवारी की मरम्मत और लोहे के कांटेदार तारों की बाड़ बनाई जाएगी. मंडी में दो नए मुख्य द्वार बनेंगे और इन सभी योजनाओं को पूरा करने के लिए 450 दिन की समय- सीमा निर्धारित की गई है.

नारनौल सिविल अस्पताल का टेंडर

कैबिनेट मंत्री आरती राव ने 45.10 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नारनौल अस्पताल के भवन निर्माण की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पहले वाली निर्माण एजेंसी के साथ अदालत का मामला और बाद में मध्यस्थता के कारण इसके निर्माण में देरी हुई है, लेकिन अब इसके लिए दोबारा से टेंडर लगाया जाएगा. इसी प्रकार, 37 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले महेंद्रगढ़ अस्पताल का काम भी जल्द शुरू होगा. वहीं, करोड़ों रुपए की लागत राशि से नए उप स्वास्थ्य केन्द्र बनाए जा रहे हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.