पानीपत | हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र में 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक 78वें अंतरराष्ट्रीय निरंकारी समागम का आयोजन किया जाएगा. इस समागम में देशभर से लाखों की संख्या में लोग पहुंचेंगे. इन श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत प्रदान करते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली- अंबाला रेलवे लाइन पर स्थित भोड़वाल माजरी स्टेशन पर कई लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी प्रदान की है.
इन ट्रेनों का रहेगा ठहराव
ट्रेन नंबर 12057/58, दौलतपुर चौक- नई दिल्ली जन शताब्दी और 22709/10, अंब अंदौरा- हजूर साहिब नांदेड़ साप्ताहिक सुपर फास्ट एक्सप्रेस का 7 नवंबर तक भोडवाल माजरी स्टेशन पर 2 मिनट तक अस्थाई ठहराव करेगी.
ट्रेन नंबर 12058, दौलतपुर चौक- नई दिल्ली जन शताब्दी रोजाना सुबह 4.10 बजे दौलतपुर चौक स्टेशन से नई दिल्ली के लिए रवाना होती है. यह ट्रेन सुबह सवा 10 बजे भोडवाल माजरी स्टेशन पर 2 मिनट का ठहराव करते हुए अपने गंतव्य स्थान के लिए आगे बढ़ जाएगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 12057, नई दिल्ली से दोपहर 2.35 बजे जिला ऊना के दौलतपुर चौक पहुंचने वाली जन- शताब्दी दोपहर 03.32 बजे भोडवाल माजरी स्टेशन पर 2 मिनट के ठहराव के बाद आगे बढ़ते हुए अपने निर्धारित समय सवा 10 बजे दौलतपुर चौक पहुंचेगी.
लंबी दूरी की ट्रेन का रहेगा ठहराव
सप्ताह में हर वीरवार (आगामी 30 अक्तूबर और 6 नवंबर) को अंब अंदौरा से दोपहर 3.50 बजे हजूर साहिब नांदेड़ के लिए रवाना होने वाली ट्रेन नंबर 22710, रात सवा 10 बजे भोडवाल माजरी स्टेशन पहुंचेगी और 2 मिनट के ठहराव के बाद अपने गंतव्य स्थान के लिए रवाना हो जाएगी.
ट्रेन नंबर 22709, हजूर साहिब नांदेड़- अंब अंदौरा साप्ताहिक सुपर फास्ट एक्सप्रेस आगामी दो बुधवार 29 अक्तूबर और पांच नवंबर को सुबह 11.18 बजे भोडवाल माजरी स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद आगे बढ़ते हुए अपने निर्धारित समय शाम 06.10 बजे अंब अंदौरा पहुंचेगी.
