चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सरकार ने बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए उनकी मिड- डे- मिल में कुछ सुधार किए है. इसके बाद अब बच्चों को दाल, चावल, रोटी, सब्जी के साथ- साथ मौसमी फल और सलाद भी मिलेंगे. इसके अलावा, दोपहर के भोजन की पौष्टिकता को बढ़ाने के लिए तय हुआ है कि सप्ताह में एक दिन इंस्टेंट खीर और पंजीरी भी दी जाएगी.
पत्र लिखकर दिए निर्देश
शिक्षा विभाग ने छात्रों के पोषण में सुधार के लिए हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कार्पोरेशन लिमिटेड पंचकूला के साथ समझौता किया है. स्कूलों में यह इंस्टेंट खीर हरियाणा एग्रो की ओर से ही उपलब्ध कराई जाएगी. मौलिक शिक्षा विभाग के महानिदेशक ओर से सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर निर्देश दिए गए है कि दोपहर के भोजन में एक दिन खीर और एक दिन पंजीरी परोसी जाए. स्कूलों में 1 नवंबर से 31 मार्च 2026 तक खीर और पंजीरी वितरित की जाएगी.
पंजीरी की व्यवस्था भी
बच्चों के स्वास्थ्य और संपूर्ण पोषण को ध्यान में रखते हुए उन्हे दूध के साथ आयरन फालिक एसिड टेबलेट भी दी जाएगी. जिस दिन स्कूलों में बच्चों को दूध वितरित किया जाएगा, उसी दिन उन्हें आयरन फालिक एसिड टैबलेट भी दी जाएंगी, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में समग्र सुधार हो सके. केंद्र सरकार के आदेशानुसार, अभी सिर्फ नूंह और भिवानी जिलों के स्कूलों में पंजीरी उपलब्ध कराई गई है. अभी के लिए वीटा ने पंजीरी की व्यवस्था की है. इसके बाद, स्कूलों की ओर से हरियाणा एग्रो को इसकी डिमांड भेजी जाएगी.
