चंडीगढ़ | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) भिवानी से कक्षा 12वीं पास कर चुके स्टूडेंट्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बोर्ड ने मार्च 1990 से मार्च 2024 तक सीनियर सेकेंडरी (12वीं) की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके स्टूडेंट्स को अंक सुधार का विशेष अवसर दिया है.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
ऐसे परीक्षार्थी 31 अक्टूबर से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से 10 हजार रुपए शुल्क समेत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि ऐसे परीक्षार्थी एक या अधिकतम 2 विषयों में अंक सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं. परीक्षार्थी को पूर्व में बोर्ड कार्यालय द्वारा जारी किए गए उत्तीर्ण प्रमाण- पत्र की राजपत्रित अधिकारी या सरकारी/ गैर सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्राचार्य से सत्यापित फोटोप्रति अपलोड करना होगा.
15 नवंबर तक आवेदन
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी 31 अक्टूबर से 15 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं. हरियाणा बोर्ड के इस फैसले से उन छात्रों को विशेष तौर पर राहत पहुंचेगी जो कक्षा 12वीं में कम नंबर आने पर किसी शैक्षणिक संस्थान में एडमिशन से वंचित रह रहे थे. ऐसे छात्र अब दोबारा परीक्षा देकर अपने अंकों में इजाफा कर सकते हैं.
