चंडीगढ़ | हरियाणा में सड़क नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में महेंद्रगढ़ नगर पालिका प्रशासन द्वारा शहर में 5 सड़कों का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा और इनपर 1.80 करोड़ रुपए की लागत आएगी. इन सड़कों के निर्माण से शहरवासियों को आसान व सुरक्षित सफर की सुविधा मिलेगी.
महेंद्रगढ़ की इन सड़कों की बदलेगी तस्वीर
नगर पालिका द्वारा डुलाना रोड पर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जब तक टेंडर अलॉट नहीं होता है, तब तक पैच वर्क करवाने की योजना बनाई गई है. इसी महीने ब्रह्मचारी रोड के निर्माण के लिए नगर पालिका द्वारा 25.71 लाख रुपए की बजट राशि को मंजूरी प्रदान की गई है. शहर के मोहल्ला खटीकान से 11 हट्टा बाजार वाल्मीकि मंदिर होते हुए 300 मीटर लंबी सड़क के निर्माण पर साढ़े 18 लाख रुपए खर्च होंगे.
बजट राशि तय
रेलवे रोड के नवनिर्माण कार्य का शुभारंभ हो चुका है और इसपर 35 लाख रुपए की लागत राशि खर्च होगी. 35 लाख रुपए की धनराशि से वार्ड नंबर- 7 की 4 मुख्य सड़कों का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा. यहां से पुरानी टाइल ईंटों को हटाकर नई ईटे बिछाई जाएगी. वार्ड नंबर- 13 से स्टेट हाइवे नंबर- 148B तक सड़क निर्माण कार्य जोरो- शोरों से चल रहा है. इस रोड के निर्माण के लिए 49 लाख रुपए की बजट राशि तय की गई है. कुल मिलाकर शहर की इन सड़कों की हालत सुधारने पर लोगों को आसान सफर की सुविधा मिलेगी.
