चंडीगढ़ | हरियाणा में रबी सीजन की फसलों की बिजाई की शुरुआत हो चुकी है. इसी कड़ी में गेहूं के बेहतर उत्पादन के लिए किसान उपचारित बीज को प्राथमिकता देते हैं, ताकि बंपर पैदावार हो सकें. किसानों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने इस बार गेहूं बीज पर सब्सिडी बढ़ाकर देने का फैसला किया है.
अब किसानो को सब्सिडी प्रति क्विंटल 1000 रुपए से बढ़ाकर 1075 रुपए मिलेगी. यह कदम राज्य में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में उठाया गया है.
किसानों को मिलेगा सब्सिडी का लाभ
इस साल प्रमाणित गेहूँ के बीज की कीमत 4075 रुपए है. सब्सिडी के बाद यह 3 हजार रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से मिलेगा. पिछले साल 2875 प्रति क्विंटल के हिसाब से बीज मिला था जिसमें 1 हजार रुपए सब्सिडी थी. इस बार किसानों को 40 किलोग्राम एक बैग 1200 रुपए में उपलब्ध होगा. प्रमाणित बीज की यह आपूर्ति पूरे राज्य में एचएसडीसी, एनएससी, हैफेड, एचएलआरडीएल, इफको, कृभको, एनएफएल जैसी सरकारी एजेंसियों के बिक्री केंद्रों के माध्यम से की जाएगी.
सरपंच या नंबरदार से कराना होगा सत्यापन
अगर आप रबी सीजन में गेहूं का उपचारित बीज सब्सिडी पर पाना चाहते हो तो अब आपको इसके लिए सरपंच या नंबरदार से अपने आधार कार्ड की फोटो कापी पर मोहर लगानी पड़ेगी. सरकार द्वारा सब्सिडी पर वितरित किए जाने वाले गेहूं के बीज को लेकर नया नियम लागू किया गया है, जिसके आधार पर ही किसान को सब्सिडी पर बीज उपलब्ध करवाया जाएगा. सब्सिडी पर बीज प्राप्त करने के लिए किसानों के आधार कार्ड अनिवार्य किए गए थे, परन्तु इस बार किसानों को आधार कार्ड पर अपने गांव के सरपंच या नंबरदार की मोहर लगवाना भी अनिवार्य किया गया है.
किसान को कितने बैग चाहिए, यह भी सरपंच से सत्यापित करवाना होगा. एक किसान को अधिकतम 15 बैग पर सब्सिडी दी जा सकती है. गेहूं के साथ- साथ सरसो और चने के बीज पर भी सब्सिडी किसानों को मुहैया करवाई गई है.
