रोहतक | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Roadways Department) द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में रोहतक से महम तक इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है. वीरवार को 37 किलोमीटर लंबे इस रूट पर इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल लिया गया. पूरा सफर 1 घंटे का रहा और प्रति व्यक्ति यात्री से 65 रुपए किराया वसूल किया गया है.
50 नई बसें होगी शामिल
रोहतक रोडवेज डिपो के बेड़े में 50 नई इलैक्ट्रिक बसें शामिल होनी है. इन बसों के लिए बस स्टैंड पर 14 करोड़ रुपए से साढ़े 3 एकड़ जमीन पर चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जा रहे हैं. इन बसों के अलग-अलग रूट्स पर संचालन को लेकर रोडवेज की ओर से सर्वे किया जा रहा हैं ताकि डिपो में बसों के पहुंचते ही उनके संचालन को हरी झंडी दिखाई जा सकें.
देखें टाइमिंग
डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि नई इलेक्ट्रिक एसी बस रोहतक बस स्टैंड से दोपहर ढाई बजे महम के लिए रवाना हुई. यह बस वाया हिसार बाईपास, बहु अकबरपुर और मदीना होते हुए महम पहुंची. इस दूरी को बस ने लगभग 1 घंटे में पूरा किया. हालांकि, कई गांवों में बने स्पीड ब्रेकर बस के संचालन में बाधा उत्पन्न कर रहे थे. इन बसों के संचालन से जहां यात्रियों को वातानुकूलित सफर का अनुभव मिलेगा, तो वहीं दूसरी ओर पर्यावरण प्रदुषण कम करने में मदद मिलेगी.
रोडवेज विभाग की ओर से रोहतक डिपो को 50 नई बसें मिलनी हैं. यात्रियों की सुविधा में इजाफा करने के उद्देश्य से सिटी बसों का ग्रामीण इलाकों तक विस्तार किया जा रहा है. अलग- अलग रूटों पर सर्वे किया जा रहा है. यात्रियों के रिस्पॉन्स के हिसाब से रूट को प्राथमिकता दी जाएगी. जिस रूट पर ज्यादा सवारियां रहेगी, वहां ज्यादा बसें संचालित की जाएगी- विपिन कुमार, महाप्रबंधक रोहतक रोडवेज
