चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम लगातार खुश्क बना हुआ है. सुबह शाम आमजन को ठंड से रूबरू होना पड़ रहा है. दिन में गर्माहट होती है. शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो पिछले 24 घंटे में 0.7 डिग्री घटकर सामान्य से 0.1 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा.प्रदेश में हिसार सबसे ठंडा रहा है. यहां रात का तापमान दूसरे जिलों से कम रहा है. इसके बाद, पंचकूला और चंडीगढ़ में रात का तापमान 8.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
आगे जानें मौसम का हाल
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया है कि बार- बार कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है. अगर इन मौसम प्रणालियों में अंतराल ज्यादा होगा, तो ठंड भी ज्यादा होगी और अगर समय अन्तराल छोटे हो तो ठंड भी कम होती है. 23 या 24 नवंबर को यह मौसम प्रणाली सम्पूर्ण इलाके से आगे निकल जाएगी, जिससे सम्पूर्ण मैदानी राज्यों में एक बार फिर से हवाओं की दिशा में बदलाव देखने को मिलेगा.
सुबह दिख रही धुंध
पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर भी मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है. यहां सुबह धुंध ज्यादा देखने को मिल रही है. इसके अलावा, हवाओं की दिशा उत्तरी पश्चिमी सर्द व बर्फिली और शुष्क होने से उत्तरी मैदानी राज्यों विशेष रूप से हरियाणा- एनसीआर दिल्ली में पारा लुढ़कने लगेगा. शीत लहर का दौर नवंबर महीने के अंतिम दिनों में देखने को मिलेगा.
