महेंद्रगढ़ | हरियाणा में सड़क निर्माण का बुनियादी ढांचा मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास जारी है. इसी कड़ी में अब शहर की तीन सड़कों का जीर्णोद्धार होने जा रहा है. इसके लिए नगर पालिका ने एस्टिमेट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजा है और मंजूरी मिलने पर बजट प्रस्ताव भेजा जाएगा. प्रस्ताव के आधार पर सड़कों का सर्वे हुआ है. उम्मीद है कि दिसंबर तक मंजूरी मिल जाएगी.

महेंद्रगढ़ शहर का गौशाला रोड से सेहलंग, बाघोत सहित क्षेत्र के 30 से अधिक गांवों को जोड़ता है. यह शहर का सबसे व्यस्त रोड़ है. इस समय यह सड़क बदहाल अवस्था में है. दिनभर वाहनों के आवागम से धूल के उठने वाले गुब्बारे से आम जनता एवं दुकानदार परेशानी उठा रहे है. दुकानदारों और राहगीरों को दिन भर धूल फांकनी पड़ती है. साथ ही, सामान भी धूल से भर जाता है. सड़क में गड्ढे होने के कारण वाहन भी नहीं निकल पाते और दुपहिया वाहन तो क्षतिग्रस्त हो जाते है.
दुकानदारों को भी मिलेगी राहत
इस सड़क का निर्माण कार्य होगा तो दुकानदारों को भी परेशानी से छुटकारा मिलेगा. इसी तरह महेंद्रगढ़ शहर का सिनेमा रोड शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों को भी जोड़ता है. यह शहर के सभी बाजारों का मुख्य रास्ता है. इसी पर सबसे अधिक नागरिक सुविधा कार्यालय एवं संस्थान है.
इसी तरह डूलाना रोड पर भी 50 से अधिक गांवो को जोड़ता है. फिलहाल इसकी रोड़िया उखड़ चुकी है और वाहन चालकों का आवागमन दुभर बना हुआ है. प्रतिदिन सड़क से हजारों वाहनों का आवगमन रहता है और सड़क कच्ची होने के कारण बारिश में पानी जमा हो जाता है. इसकी भी लोगों को लंबे समय से निर्माण की आस है लेकिन अभी तक रोड की निर्माण प्रक्रिया सिरे नहीं चढ़ पाई है.