नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने 1 दर्जन से ज्यादा इलाकों में 2 दिन तक जलापूर्ति बाधित रहने का अलर्ट जारी किया है. बताया गया है कि पानी की मुख्य लाइन पर इंटर कनेक्शन के चलते दिल्ली कैंट, सागरपुर, आरके पुरम, वसंत विहार सहित कई प्रमुख इलाकों में जलापूर्ति बाधित रहेगी.
DJB ने दी जानकारी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर चेतावनी जारी करते हुए दिल्ली जल बोर्ड की ओर से बताया गया है कि पालम विहार में नागल फ्लाईओवर के नीचे, पंखा रोड सागरपुर में 1000 मिमी व्यास पाइपलाइन में इंटर कनेक्शन कार्य किया जाएगा, जिसके चलते कुछ इलाकों में जलापूर्ति नहीं आएगी या फिर कम प्रेशर से पानी की सप्लाई रहेगी.
DJB की ओर से इन इलाकों में रहने वाले लोगों से संभलकर पानी का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. यहां वाटर टैंकर से पानी की आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. जिन्हें पानी का टैंकर मंगवाना हैं, वो जल बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.
इन इलाकों में रहेगी पानी की किल्लत
दिल्ली कैंट, सागरपुर, डाबरी, दुर्गा पार्क, एनडीएमसी एरिया, आरके पुरम, वसंत विहार, मोती बाग, नानकपुरा, वसंत इनक्लेव, शांति निकेतन, वेस्टेंड कॉलोनी, एम्स, सफदरजंग हॉस्पिटल और आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित रहेगी.
