नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में बागपत से दिल्ली के बीच आवागमन करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि यहां ट्रायल के बाद एलिवेटेड रोड को खोल दिया गया है जिसके बाद बागपत के खेकड़ा से अक्षरधाम का सफर मात्र 20 मिनट में पूरा हो रहा है.
इस नए एलिवेटेड कॉरिडोर पर सफर करने वाले वाहन चालकों ने बताया कि पहले इस सफर को पूरा करने में 2 से 3 घंटे का समय लगता था. भीषण ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता था, लेकिन केंद्र सरकार ने एलिवेटेड कॉरिडोर का बड़ा तोहफा दिया है. वाहन चालक इस रोड पर फराटे भरते हुए आरामदायक सफर का अनुभव ले रहे हैं.
वाहन चालकों की मौज
दिल्ली से बागपत के खेकड़ा तक एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है. इसपर ट्रायल प्रकिया शुरू हो चुकी है. इस दौरान यहां वाहनों की आवाजाही को शुरू किया गया है और लोग मात्र 20 मिनट में बागपत से अक्षरधाम पहुंच रहे हैं.
एक ट्रक चालक ने बताया कि पहले इस दूरी को तय करने में 2-3 घंटे का समय लगता था, जिसके चलते समय के साथ ईंधन भी ज्यादा खर्च होता था. ट्रैफिक जाम से भी 2- 4 होना पड़ता था, लेकिन अब एलिवेटेड रोड चालू हुआ है जो किसी वरदान से कम नहीं है. इस पूरे रूट पर एक भी जगह ब्रेक लगाने की जरूरत नहीं पड़ती है. सरकार ने बहुत ही सराहनीय कार्य करते हुए वाहन चालकों को बड़ी राहत पहुंचाने का काम किया है.
जल्द होगा उद्घाटन
उन्होंने बताया कि सरकार ने खासतौर पर भारी वाहन चालकों की बड़ी दुविधा को दूर कर दिया है. दिल्ली जाने से पहले कई बार सोचना पड़ता था क्योंकि वहां ट्रैफिक जाम बहुत ज्यादा होता है. दिल्ली के लिए जब सफर करते थे तो बागपत से पहले लोनी और फिर दिल्ली के ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता था, लेकिन अब एलिवेटेड रोड पर चलते हुए बिना किसी परेशानी के कुछ ही मिनटों में दिल्ली पहुंच जाते हैं. बता दें कि ट्रायल लगभग सफल रहा है. बहुत जल्द इस एलिवेटेड रोड का उद्घाटन कर वाहनों की आवाजाही को हरी झंडी दिखाई जाएगी.
