गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTC) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) से गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए ग्रेटर नोएडा तक करीब 61 किलोमीटर लंबे रूट पर नमो भारत ट्रेन के ट्रैक पर मेट्रो संचालन की सिफारिश की हैं. इससे कम दूरी का सफर करने वाले लोगों को भी फायदा पहुंचेगा.
HMRTC के प्रबंध निदेशक डॉ चंद्रशेखर खरे ने NCRTC से आग्रह किया है कि मेरठ शहर की तर्ज पर एक ही ट्रैक पर नमो भारत ट्रेन और मेट्रो संचालन की व्यवस्था की जाए. ऐसा होने से इफको चौक से यदि किसी को फरीदाबाद जाना है तो वह मेट्रो की सुविधा का लाभ उठा सकेगा. हर डेढ़ से 2 किलोमीटर की दूरी पर मेट्रो का स्टेशन बनाकर NCR को नमो भारत ट्रेन के साथ-साथ मेट्रो से जोड़ा जा सकता है.
छोटी दूरी पर जाने वालों को मिलेगा फायदा
HMRTC के एक अधिकारी ने बताया कि NCRTC द्वारा मेरठ में नमो भारत ट्रेन को इसी तर्ज पर तैयार किया गया है. इससे लंबी दूरी का सफर करने वाले नमो भारत में और छोटी दूरी का सफर तय करने वाले मेट्रो की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.
उन्होंने बताया कि गुरुग्राम में इफको चौक से लेकर गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड तक करीब 8 किलोमीटर लंबे रूट पर मेट्रो संचालित होगी. यदि इस रूट पर मेट्रो का संचालन नमो भारत ट्रेन के साथ-साथ हो जाए तो यात्रियों को इसका बहुत फायदा पहुंचेगा. इससे मेट्रो का नया रूट तैयार करने में होने वाला खर्च भी बचेगा.
बता दें कि गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए ग्रेटर नोएडा तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन रूट पर 6 स्टेशन प्रस्तावित है और इसमें गुरुग्राम में इफको चौक और सेक्टर-54 भी शामिल हैं. वहीं, फरीदाबाद में बाटा चौक और सेक्टर-85 व 86 चौक शामिल है जबकि नोएडा में सेक्टर-142 व 168 चौक और ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर शामिल है.
2 मेट्रो रूट से जुड़ेगी नमो भारत ट्रेन
NCRTC की मौजूदा योजना के तहत इस रूट पर प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन गुरुग्राम में दो मेट्रो मार्ग से जुड़ेगी. इनमें गोल्फ कोर्स रोड स्थित रैपिड मेट्रो है तो दूसरा गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से लेकर सेक्टर-5 तक प्रस्तावित मेट्रो है. वहीं, सीएम नायब सैनी भी मेरठ की तर्ज पर एक ही रूट पर नमो भारत ट्रेन और मेट्रो संचालन की सिफारिश कर चुके हैं.
