फरीदाबाद | हरियाणा में नया साल आते ही शहरी राजनीति गर्माने वाली है. स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर सरकार और भाजपा संगठन ने अंदरखाने तैयारियां तेज कर दी हैं. वहीं, इधर शहरी स्थानीय निकाय विभाग भी चुनावी प्रक्रिया की सबसे अहम कड़ी वार्डबंदी को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है. ऐसे में कई निकायों में काम पूरा कर लिया गया है. इसके अलावा, 6 शहरी निकायों में वार्डों की सीमाएं तय कर दी गई हैं जिसकी जानकारी विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में दी गई है.
सरकारी अधिसूचना के मुताबिक, इनमें से 3 निकाय ऐसे हैं, जहां वार्डों का आरक्षण भी घोषित हो चुका है. ऐसे में वार्डबंदी पूरी होते ही चुनाव की तैयारी शुरू हो जाएगा. एक ओर जहां भाजपा संगठन चुनावी मोड में नजर आ रहा है, वहीं कांग्रेस की तैयारियां फिलहाल सुस्त दिखाई दे रही हैं.
फरीदाबाद में बड़ा बदलाव
अधिसूचना के अनुसार, नगर परिषद रेवाड़ी में कुल 32 वार्ड बनाए गए हैं और उनकी सीमाएं भी तय कर दी गई हैं. वहीं, सोनीपत नगर निगममें 22 और अंबाला नगर निगम में 20 वार्ड निर्धारित किए गए हैं. इन्हीं नई सीमाओं के आधार पर आगामी चुनाव कराए जाएंगे. रेवाड़ी की धारूहेड़ा नगर परिषद, रोहतक की सांपला नगर पालिका और हिसार की उकलाना नगर पालिका में वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है.
मंत्री ने कही ये बात
पंचकूला नगर निगम की बात करें तो अभी भी यह इस प्रक्रिया से बाहर है. हालांकि, सरकार का दावा है कि जल्द ही इसे भी अंतिम रूप दे दिया जाएगा. बता दें कि पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगमों का कार्यकाल जनवरी 2026 में समाप्त हो रहा है. वहीं, मामले को लेकर मंत्री विपुल गोयल का ने कहा कि सभी नगर निगमों में वार्डबंदी पूरी हो चुकी है और चुनाव तय समय पर कराए जाएंगे. अंबाला, सोनीपत और पंचकूला नगर निगमों को लेकर मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में भी विस्तार से चर्चा की जा चुकी है.
