हरियाणा में कपास उत्पादक किसानों के लिए खुशखबरी, भाव में तेजी से चेहरों पर लौटी खुशियां

जींद | हरियाणा में देर- सवेर ही सही पर कपास उत्पादक किसानों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. जींद जिले की उचाना अनाज मंडी की बात करें तो यहां शनिवार को कपास का भाव सीजन का सबसे ऊंचा भाव दर्ज किया गया है. कपास के भाव में तेजी से किसानों के चेहरों पर मुस्कान साफ नजर आ रही थी.

cotton kapas

हरियाणा में इस सीजन का रहा सबसे ऊंचा भाव

शनिवार को उचाना अनाज मंडी में कपास की ढेरी का सबसे ऊंचा भाव 7,710 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे ऊंचा भाव है. इस पूरे सप्ताह ही कपास के भाव में निरंतर बढ़ोतरी देखने को मिली है. बीते सोमवार को कपास का अधिकतम भाव 7,470 रुपए प्रति क्विंटल था जो शनिवार तक बढ़कर 7,710 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया. ऐसे में 240 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है. ये भाव उच्च गुणवत्ता वाली कपास के अधिकतम मूल्य हैं.

मंडी में कपास की फसल लेकर पहुंचे किसानों ने भाव में तेजी पर खुशी जाहिर करते हुए भाव 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंचने की उम्मीद जताई है. उन्होंने कहा कि इस बार लगातार बारिश से पैदावार प्रभावित हुई है. ऐसे में ऊंचा भाव मिलने पर कुछ हद तक आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सकेगी. किसानों ने कहा कि कपास की फसल में ज्यादा बीमारी आने से हर साल बिजाई का रकबा घटता ही जा रहा है. ऐसे में सरकार को उच्च गुणवत्ता वाले बीज मुहैया करवाने चाहिए ताकि कपास की खेती को बचाया जा सके.

मार्केट कमेटी ने की पुष्टि

मार्केट कमेटी सचिव ने बताया कि कपास के भाव में पिछले कुछ दिनों से निरंतर तेजी बनी हुई है. जिन किसानों ने अपने घरों में फसल को स्टोर किया हुआ था, वो अब मंडियों में फसल लेकर पहुंच रहे हैं ताकि समय रहते ऊंचे भाव का फायदा उठाया जा सके.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.