चंडीगढ़ | पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में स्कूलों की छुट्टियां 13 जनवरी तक बढ़ा दी गई है. शिक्षा विभाग द्वारा पहले 10 जनवरी तक छुट्टियां की गई थी लेकिन समूचे उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए छुट्टियां बढ़ाने का फैसला लिया गया है. यह आदेश सभी सरकारी, गवर्मेंट एडेड और प्राइवेट स्कूलों पर लागू होगा.
शिक्षा विभाग द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, पहली से 8वीं कक्षा तक तथा नॉन बोर्ड वाली कक्षा 9वीं व 11वीं की कक्षाएं फिजिकल मोड में संचालित नहीं होगी. इन कक्षाओं के बच्चों को स्कूल नहीं जाना होगा. स्कूल खुलने का समय सुबह 9 बजे से रहेगा और अध्यापक ऑनलाइन कक्षाएं लगा सकेंगे.
चंडीगढ़ में स्कूलों की छुट्टी
इस दौरान कक्षा 10वीं और 12वीं की कक्षाएं फिजिकल मोड में संचालित रहेगी. वहीं, स्कूल खुलने का समय सुबह साढ़े 9 बजे रहेगा और दोपहर साढ़े 3 बजे छुट्टी करनी होगी. इसके अलावा, आदेश में कहा गया है कि स्कूल स्टाफ का समय पहले की तरह नियमित रहेगा.
कड़ाके की ठंड से बच्चों को खतरा
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में 13 सितंबर तक शीतलहर और कोहरा पड़ने की संभावना बनी हुई है. ऐसे मौसम में स्कूल खोले जाते हैं तो गहरी धुंध के चलते सड़कों पर दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है. वहीं, सुबह के समय कड़ाके की ठंड व शीतलहर की चपेट में आने से खासतौर पर छोटे बच्चों के बीमार होने की संभावना बढ़ जाती है.
ठंड के मौसम में बच्चों की पाचन शक्ति कमजोर पड़ जाती है और स्कूल में भीड़- भाड़ के चलते बीमारियां फैलने का अंदेशा बना रहता है. शिक्षा विभाग ने बताया कि बच्चों और स्टाफ के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए छुट्टियां बढ़ाने का फैसला लिया गया है. शिक्षा विभाग ने कहा कि ठंड और धुंध का प्रभाव ऐसे ही बना रहता है तो सरकार और छुट्टियां बढ़ाने पर फैसला ले सकती है.
