चंडीगढ़ | हरियाणा में विद्यार्थियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि राज्य में सरकारी स्कूलों में 11 मार्च से वार्षिक परीक्षा आयोजित की जाएगी. जिसमें छठी से 8वीं तक की वार्षिक परीक्षाएं 11 मार्च से 18 मार्च तक होगी, वही पहली से लेकर 5वीं तक की परीक्षाएं 13 मार्च से 18 मार्च तक चलेगी. शिक्षा विभाग ने वार्षिक और पूरक परीक्षाओं की डेटशीट का शेड्यूल जारी कर दिया है.
ये रहेगा परीक्षा का समय
बता दें कि वार्षिक परीक्षा का समय सुबह 8:30 बजे से 11 बजे तक रहने वाला है. लिखित और मौखिक विषयों की परीक्षा 2 घंटे में होगी व अन्य विषयों की परीक्षा ढाई घंटे में खत्म होगी. पहली से 5वीं तक के विद्यार्थियों का 13 मार्च को अंग्रेजी, 14 को हिंदी, 16 को गणित और 18 मार्च को EVS का पेपर निर्धारित होगा.
पूरक परीक्षाओं का अप्रैल में आयोजन
जो विद्यार्थी वार्षिक परीक्षा में अच्छे अंको से पास नहीं हुए, उन्हें दूसरा मौका दिया जाएगा. उन विद्यार्थियों के लिए पूरक परीक्षा अप्रैल में होगी. कक्षा पहली से 5वीं तक की पूरक परीक्षाए लिखित व मौखिक दोनों भाषाओं में होगी. वही, छठी और 8वीं कक्षा की पूरक परीक्षाएं लिखित विषयों पर आधारित होगी. शिक्षा विभाग ने स्पष्ट बताया है कि पहली से 5वीं तक का मूल्यांकन फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमरेसी (FLN) कार्यक्रम के माध्यम से किया जाएगा.
SCERT पर होगा सिलेबस उपलब्ध
बता दें कि प्रश्नपत्रों से संबंधित सिलेबस की जानकारी SCERT हरियाणा की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है. इसके साथ ही सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा की डेटशीट विद्यार्थियों और उनके अभिवावकों के साथ साझा करें, ताकि उन्हें स्पष्ट जानकारी मिल सकें. इसके अलावा परीक्षा से संबंधित कक्ष का निर्धारण, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, अनुशासन और मूल्यांकन कार्य की उचित व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए है.
