नई दिल्ली | देश की पहली और भारतीय रेलवे की बहुप्रतीक्षित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के संचालन की शुभ घड़ियां नजदीक आ गई है. कोलकाता के हावड़ा से कामाख्या (गुवाहाटी) के बीच पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन 17 जनवरी को संचालित होगी. लगभग 958 किलोमीटर लंबे इस रूट पर यह प्रीमियम ट्रेन लंबी दूरी का सफर तय करने वाले यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ तेज और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी.
वंदे भारत का किराया
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, थर्ड एसी (3AC) में हावड़ा से कामाख्या तक किराया 2,299 रुपए रखा गया है. वहीं, हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 1,334 रुपए और हावड़ा से मालदा टाउन के लिए 960 रुपए किराया निर्धारित किया गया है.
सेकंड एसी (2AC) कोच में हावड़ा से कामाख्या तक 2,970 रुपए किराया निर्धारित किया गया है. जबकि इसी कैटेगरी में हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 1724 रुपये और हावड़ा से मालदा टाउन के लिए 1240 रुपये किराया देना होगा.
1AC का किराया
फर्स्ट एसी (1AC) कैटेगरी में हावड़ा से कामाख्या तक का किराया 3,640 रुपये निर्धारित किया है. जबकि इसी कैटेगरी में हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 2,113 रुपये और हावड़ा से मालदा टाउन के लिए 1,520 रुपये किराया देना होगा. रेलवे ने रिटर्न सेक्शन यानि कामाख्या से मालदा टाउन और कामाख्या से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच का किराया भी निर्धारित कर दिया है.
रेलवे ने कामाख्या से मालदा टाउन के लिए थर्ड एसी में 1,522 रुपये, सेकंड एसी में 1,965 रुपये और फर्स्ट एसी में 2,409 रुपये किराया रखा गया है. वहीं कामाख्या से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए थर्ड एसी में 962 रुपये, सेकंड एसी में 1,243 रुपये और फर्स्ट एसी में 1,524 रुपये किराया निर्धारित किया है.
कंफर्म टिकट पर ही यात्रा
बताया जा रहा है कि रेलवे ने इस प्रीमियम ट्रेन में रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन (RAC) की सुविधा खत्म करने की तैयारी में है. यात्रियों को केवल कंफर्म टिकट पर ही सफर करना होगा.
