हांसी | केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना (Amrit Bharat Station Yojana) के तहत देशभर के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है. हरियाणा के हांसी रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं. इस स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य धरातल पर दिखाई देने लगे हैं जिनके पूरा होने पर हांसी रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस और हेरिटेज लुक में नजर आएगा.
हरियाणा के इस स्टेशन पर 16 करोड़ होंगे खर्च
हांसी रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्यों के तहत बड़े स्तर पर सुधार देखने को मिलेंगे जिसमें Entry- Exit के लिए अलग- अलग रास्ता, चारदीवारी का निर्माण और स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण शामिल हैं. टू- व्हीलर्स और फोर- व्हीलर्स के लिए अलग- अलग पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे. टिकट बुकिंग कार्यालय के लिए नया भवन तैयार किया जाएगा.
रिटायरिंग रूम और नए टायलेट ब्लॉक्स भी बनाए जा रहे हैं. स्टेशन की खूबसूरती में चार- चांद लगाने के लिए परिसर में एलईडी लाइट्स और चारदीवारी सहित अन्य दीवारों पर इतिहास के झरोखे की आकर्षक कलाकृतियां उकेरी जाएगी. इस प्रोजेक्ट पर 16 करोड़ रुपए से ज्यादा की धनराशि खर्च होगी.
आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस
यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से स्टेशन पर कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टी लाइन और सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़ी एलईडी स्क्रीन, GPS आधारित डिजिटल क्लॉक, पीने का साफ पानी, साफ- सुथरे शौचालय, फूड कोर्ट, दिव्यांग यात्रियों के लिए उपयुक्त साइनेज और व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. स्टेशन पर लाइटिंग सिस्टम और तकनीकी संचालन को सुगम बनाने के लिए एक सोलर ऊर्जा प्लांट स्थापित किया जाएगा. मुख्य प्रवेश द्वार को विशेष रूप से आकर्षित किया जाएगा जिसकी छत पर स्थानीय कला और संस्कृति को दर्शाती हुई पेंटिंग्स होगी.
