चंडीगढ़ | हरियाणा में नगर निगम चुनाव का बिगुल बज चुका है. इसी कड़ी में आज पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम में मेयर पद चुनाव के लिए आज ड्रा निकाला गया. इन तीनों नगर निगमों के मेयर और पार्षदों का कार्यकाल इसी महीने समाप्त हो चुका है.
हरियाणा में अनारक्षित रहेगी यह सीटें
तीनों नगर निगमों में मेयर पद चुनाव के लिए निकाले गए ड्रा में पंचकूला और सोनीपत की सीट अनारक्षित रहेगी जबकि अंबाला को महिला BC- B के लिए रिजर्व किया गया है. वहीं, 3 नगर निगमों के साथ ही 6 नगर निकायों करनाल, साढ़ौरा, तरावड़ी, राजौंद, टोहाना, कनीना और झज्जर में एक- एक वार्ड पार्षद के लिए उपचुनाव होगा.
रेवाड़ी नगर परिषद् में चेयरमैन का पद SC (महिला) के लिए आरक्षित किया गया है. वहीं, धारूहेड़ा अनारक्षित, उकलाना महिला अनारक्षित और सांपला अनारक्षित का ड्रा निकाला गया है. IAS वीरेंद्र दहिया की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के मुख्यालय में इस ड्रा प्रकिया को सम्पन्न करवाया.
तैयारियों में जुटा चुनाव आयोग
नगर निगम और निकाय चुनावों को लेकर स्टेट इलेक्शन कमीशन ने भी तैयारियां तेज कर दी है. 27 जनवरी को इन जिलों में उपायुक्त ने कर्मचारियों की बैठक बुलाई है जिसमें कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं. सभी जगहों से वोटर संख्या भी स्टेट इलेक्शन कमीशन द्वारा मांगी गई है.
