करनाल | हरियाणा से UP के बीच आवागमन को बेहतर बनाने की दिशा में एक और अच्छी खबर सामने आई है. यहां मेरठ- करनाल हाइवे पर पूर्वी यमुना नहर पर बने अंग्रेजों के जमाने के पुराने पुल को तोड़कर दो लेन का नया पुल बनाने की तैयारियां तेज हो गई है.
हरियाणा से यूपी के बीच आवागमन आसान
UP सरकार के लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) शामली की ओर से नए पुल निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करने की कवायद शुरू हो चुकी है. बता दें कि पुराने पुल को बने 25 साल बीत चुके हैं और फिलहाल यह बिल्कुल क्षतिग्रस्त हो चुका है. साल 2018 में इस दो लेन के नए पुल का एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा गया था लेकिन किन्हीं कारणों से इसका निर्माण नहीं हो पाया था.
मेरठ- करनाल हाइवे को नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) बागपत इकाई को हैंडओवर कर दिया गया था लेकिन शहरी क्षेत्र में NHAI द्वारा द्वारा निर्माण कार्य नहीं किए जाने की बाध्यता के चलते इसे पुनः लोक निर्माण विभाग को हैंडओवर कर दिया गया था.
वाहनों का आवागमन पड़ा बंद
वर्तमान में पूर्वी यमुना नहर किनारे पुराने सिंगल लेन पुल पर पिछले एक साल से वाहनों की आवाजाही बंद पड़ी है. अब लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड शामली द्वारा पूर्वी यमुना नहर पर दो लेन के नए पुल का एस्टीमेट नए सिरे से तैयार किया जा रहा है.
दो लेन पुल का एस्टीमेट शासन को भेजा जाएगा. धनराशि अवमुक्त होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा. नए पुल के निर्माण के बाद हाईवे पर चार लेन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम बनेगी- राजकुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
